यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, दिन में निकलेगी धूप; रात में बढ़ेगी ठंड, जानें नोएडा से लखनऊ तक कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में 16 नवंबर को कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है. दिन में धूप निकलेगी, जबकि रात में ठंड बढ़ने लगेगी. जानें लखनऊ, नोएडा, मेरठ और वाराणसी का मौसम.
यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश में अब मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है.नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है, वहीं दोपहर में तेज धूप निकलने से दिन में गर्मी का अहसास बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 16 नवंबर को उत्तर प्रदेश में ज्यादातर जगह मौसम साफ और शुष्क रहेगा. लेकिन पश्चिमी यूपी और पूर्वी तराई के कई जिलों में सुबह घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
इन जिलों में कोहरे का ज्यादा असर
बरेली, कुशीनगर, अयोध्या और आजमगढ़ समेत कई जिलों में सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता 200 मीटर से भी कम रह सकती है. इससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी है. 16 और 17 नवंबर की तो पूर्वी यूपी और तराई बेल्ट में घना कोहरा बने रहने का अनुमान है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से रात और सुबह का पारा गिर रहा है. दिन में धूप से गर्मी लगेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ने लगेगी.
झांसी सबसे गर्म, इटावा सबसे ठंडा
प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में झांसी सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है. बांदा में 32.6 डिग्री, प्रयागराज में 32.5 डिग्री और आगरा में 32.1 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं रात में इटावा सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा. शाहजहांपुर में 14.2 डिग्री, कानपुर नगर में 14.4 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 14.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. यानी दिन में गर्मी और रात में ठंड, दोनों का अहसास हो रहा है.
लखनऊ, नोएडा, कानपुर, वाराणसी का हाल
लखनऊ में आज मौसम साफ रहेगा और दिन में तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री के आसपास रह सकता है. सुबह हल्की धुंध रहेगी, दोपहर में गर्मी लगेगी और रात में ठंड बढ़ेगी. नोएडा, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है. इन शहरों में बारिश की संभावना नहीं है. दोपहर में पारा 28 से 30 डिग्री तक जा सकता है, जबकि रात में 14 डिग्री तक गिर सकता है. नोएडा में सुबह नमी की वजह से हल्की धुंध और ओस भी दिख सकती है.
कोहरे में ऐसे चलाएं वाहन
कोहरे में हाईवे पर स्पीड कम रखें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और गाड़ियों के बीच पर्याप्त दूरी बनाकर रखें. सुबह-रात में निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें.