यूपी में SIR अभियान में नया प्लान: राशन की दुकानों से खोजे जाएंगे छूटे मतदाता, महिलाओं-युवाओं पर फोकस
यूपी में वोटर लिस्ट को एकदम साफ-सुथरा करने का काम तेज हो गया है. चुनाव आयोग अब उन लोगों को ढूंढ रहा है, जो वोट देने के लायक हैं लेकिन अभी तक उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है. इसके लिए आयोग ने नया तरीका निकाला है.
मयूर शुक्ला/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग ने नया अभियान शुरू करने की तैयारी की है. इसके तहत निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों का मिलान किया जाएगा. सरकारी राशन की दुकानों के रिकॉर्ड की मदद से भी छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जाएगी.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं. खासतौर पर महिलाओं और युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
महिला मतदाताओं को जोड़ने के निर्देश
सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि वर्तमान मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले असामान्य रूप से कम है. ऐसे में पात्र महिलाओं के नाम अधिक से अधिक मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं. इसके लिए परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में एक ही भाग में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा.
राशन की दुकानों से होगी पहचान
खाद्य एवं रसद विभाग के सहयोग से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में पंजीकृत राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी. जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें मतदाता बनाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा.
युवाओं को जोड़ने पर विशेष जोर
कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ने वाले 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं. इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय किया जाएगा.
यूपी में 3786 पोलिंग बूथ घटे
प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथों की संख्या में भी बदलाव हुआ है. पहले प्रदेश में 1.77 लाख पोलिंग बूथ थे, जो अब घटकर 1.73 लाख रह गए हैं. इस तरह कुल 3786 पोलिंग बूथ कम हुए हैं.निर्वाचन आयोग ने 1200 मतदाताओं पर एक पोलिंग बूथ बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया है.
करीब 13 करोड़ मतदाताओं की सूची
प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 13 करोड़ मतदाता दर्ज हैं. निर्वाचन आयोग का जोर सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों को शामिल करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर है.