'पहले न हिंदुत्व था और न हिंदू धर्म...', दिग्विजय सिंह के बयान पर भड़क उठी BJP; कांग्रेस नेता को बताया 'कालनेमि'
यूपी में अगले साल होने वाले चुनाव से पहले सियासी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 'हिंदू और सनातन' पर ऐसा बयान दे दिया, जिससे हंगामा मच गया. कांग्रेस नेता के इस बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है.
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश मे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में सियासी पारा हाई है. सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने और अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. ऐसे में सभी नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर देखने को मिल रहा है. इस बीच ललितपुर में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे विवाद खड़ा होता नजर आ रहा है.
दरअसल, दिग्विजय सिंह ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को अलग करार दे दिया. उनके इस बयान को बीजेपी ने आड़े हाथों लिया है. बीजेपी प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कड़ा पलटवार किया है. बीजेपी ने दिग्विजय सिंह को 'कालनेमि' करार दिया और उनके बयान को सनातन और हिंदू धर्म के प्रति कांग्रेस की विकृत मानसिकता का प्रतीक बताया.
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा?
ललितपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम हिंदू नहीं, बल्कि सनातनी हैं. कांग्रेस नेता के अनुसार,'हिंदू' एक फारसी शब्द है. पहले सिंधु नदी के इस पार रहने वालों को हिंदू कहा जाता था. उन्होंने कहा कि हमारा सनातन धर्म हजारों वर्षों से चला आ रहा है. मूल रूप से न हिंदू धर्म था और न ही हिंदुत्व था.
दिग्विजय सिंह ने कहा कि सनातन धर्म प्रेम, सद्भाव, सत्य, अहिंसा, करुणा और दया का प्रतीक है. हम हजारों वर्षों से इसका पालन कर रहे हैं और पूरे विश्व को एक परिवार मानते हैं. हालांकि, इसी दौरान उन्होंने हिंदुत्व पर निशाना साधा और कहा कि यह ध्रुवीकरण करता है, नफरत फैलाती है.
बीजेपी ने किया पलटवार
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है. बीजेपी ने दिग्विजय सिंह और कांग्रेस को सनातन और हिंदू धर्म के प्रति कांग्रेस की विकृत मानसिकता का प्रतीक करार दिया. बीजेपी के प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदुत्व सनातन धर्म पर आधारित एक जीवन शैली और सांस्कृतिक पहचान है. उन्होंने दिग्विजय सिंह को 'कालनेमि' बताते हुए सीधे निशाना साधा.
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के कुछ नेता भगवान राम के अस्तित्व को ही नहीं मानते हैं. उनका कहना है कि जिनके राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद सनातन पर सवाल उठाते रहते हैं, वे अब इसकी नई व्याख्या कर रहे हैं. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेसी आज तक आतंकवाद का धर्म, तो खोज नहीं पाए, लेकिन उन्होंने 'भगवा आतंकवाद' जैसा शब्द जरूर गढ़ दिया था.
यह भी पढ़ें: ED पर आरोप... ओवैसी पर तंज, जेल से निकलते ही आजम खान का छलका दर्द, AMU-BHU को लेकर कही ये बड़ी बात