असली चेहरे, नकली किरदार: अब यूपी की राजनीति में 'AI' बना नया चुनावी हथियार, जानिए कैसे SP-BJP के बीच गहराया डिजिटल घमासान?
UP Politics: जिस चुनावी लड़ाई में पहले पोस्टर, बैनर और भाषण दिखाई देते थे, अब वहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बने वीडियो सियासी हथियार बनते नजर आ रहे हैं. सपा के प्रेस कॉन्फ्रेंस में AI वीडियो के जरिए सीएम योगी और बीजेपी सांसद रवि किशन को निशाना बनाने वाला कंटेंट दिखाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को लेकर हास्य और व्यंग्य वाले AI वीडियो सामने आ रहे हैं.
UP Politics/ नंदन श्रीवास्तव: उत्तर प्रदेश की सियासत में हमेशा से ही नए प्रयोग और आक्रामक रैलियां चर्चा का विषय रही हैं, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में एक नया और आधुनिक मोर्चा खुल गया है. यह मोर्चा है 'AI वॉर' (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जंग). जिस चुनावी रण में कभी केवल पोस्टर, होर्डिंग्स, बैनर और तीखे भाषणों का दबदबा हुआ करता था, वहां अब AI से बने वीडियो सबसे बड़े सियासी हथियार के रूप में सामने आ रहे हैं.
डिजिटल मैदान में अब असली नेताओं के साथ-साथ AI से तैयार किए गए उनके डिजिटल अवतार भी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस से लेकर सोशल मीडिया तक AI का कब्जा
इस डिजिटल जंग की बानगी हाल ही में देखने को मिली, जब समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक AI वीडियो दिखाया गया. इस वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी सांसद रवि किशन पर निशाना साधा गया था.
नए डिजिटल मोड़ पर सूबे की राजनीति
दरअसल, इस सियासी घमासान की नींव तब मजबूत हुई जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सार्वजनिक तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर उनके खिलाफ AI से बने वीडियो का इस्तेमाल होगा, तो इसका करारा जवाब भी दिया जाएगा. इसके बाद सपा ने पलटवार करते हुए AI आधारित राजनीतिक कंटेंट जारी किया, जिसने पूरे सूबे की राजनीति को एक नए डिजिटल मोड़ पर ला खड़ा किया.
दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को लेकर भी कई हास्य और व्यंग्य से भरे AI वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं. यानी चेहरे भले ही असली हैं, लेकिन दृश्य, आवाज और परिस्थितियां पूरी तरह AI से गढ़ी गई हैं, जिनका मकसद केवल और केवल राजनीतिक संदेश पहुंचाना है.
मनोरंजन या नैरेटिव बनाने का खतरनाक हथियार?
राजनीतिक दलों के लिए AI के फायदे बेहद साफ हैं. चंद मिनटों में फिल्मी अंदाज में संदेश तैयार हो जाता है और सोशल मीडिया के जरिए लाखों मतदाताओं तक पहुंच जाता है, लेकिन इस तकनीक ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है. क्या AI सिर्फ राजनीतिक मनोरंजन का जरिया है या फिर जनता के बीच झूठा नैरेटिव (प्रचार) गढ़ने का नया हथियार?
AI वीडियो के इस दौर में असली और काल्पनिक के बीच का अंतर मिटता जा रहा है, जिससे आम मतदाताओं के भ्रमित होने का खतरा सबसे ज्यादा बढ़ गया है.
2027 के यूपी चुनाव का रण औपचारिक रूप से भले ही अभी शुरू न हुआ हो, लेकिन 'AI वॉर' ने यह साबित कर दिया है कि आने वाला चुनाव पूरी तरह से तकनीक और नैरेटिव का खेल होने वाला है. अब देखना यह होगा कि इस डिजिटल जंग में जनता किसके असली मुद्दों पर भरोसा जताती है और किसके 'AI अवतार' को खारिज करती है.