यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? ग्राम प्रधानों को फिर 6 महीने के लिए बनाया गया प्रशासक
यूपी सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में छह महीने का और विस्तार दिया है. जानिए पंचायत चुनाव में देरी की वजह और अब कब तक होंगे चुनाव.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों को एक बार फिर बड़ी राहत मिली है. सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में 6 महीने का और विस्तार दे दिया है. इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है.कैबिनेट से पहले ही इस प्रस्ताव को पास किया जा चुका है. यानी विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव होंगे.
प्रमुख सचिव पंचायती राज रविन्द्र की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, शुक्रवार से ग्राम प्रधानों के प्रशासक के रूप में नए छह महीने की अवधि शुरू होगी. इससे पहले उन्हें 6 महीने के लिए प्रशासक बनाया गया था, जिसकी समय सीमा गुरुवार को पूरी हो रही थी. अब सरकार ने उनकी जिम्मेदारी आगे बढ़ा दी है. इस व्यवस्था के तहत निवर्तमान प्रधान छह महीने तक या समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक प्रशासक बने रहेंगे.
पंचायत चुनाव में देरी की वजह क्या है?
उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल 25 मई को पूरा हो गया था. इसके बाद भी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं हो सके. दरअसल, पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट जरूरी है. लेकिन आयोग की रिपोर्ट नहीं आने के कारण चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई. इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने पहले निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी थी. अब रिपोर्ट आने में देरी के कारण उनका कार्यकाल एक बार फिर छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है.
मई में पहली बार बने थे प्रशासक
यूपी में पहली बार 26 मई को निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई थी. इससे पहले व्यवस्था यह थी कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ग्राम पंचायतों का प्रशासक बनाया जाता था. हालांकि, इस बार ग्राम प्रधानों की मांग और पंचायत चुनाव में देरी को देखते हुए सरकार ने उन्हें ही पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णय के बाद पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया था.
यूपी में बदलेगा शहरों के विकास का मॉडल, लखनऊ के सभी 662 गांव होंगे LDA के अधीन