SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'क्या हम भिखारी हैं?' अखिलेश यादव पर भड़के इमरान मसूद, बोले- कांग्रेस को खैरात का इंतजार नहीं

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है. इसी बीच सपा की उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई और कहा कि कांग्रेस किसी की खैरात का इंतजार नहीं कर रही. पढ़ें पूरी खबर, वो भी विस्तार से...

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 25, 2026, 11:13 IST | Updated: Nov 25, 2026, 11:24 IST
Image Credit: UP Elections 2027
Join

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है. इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने अखिलेश यादव के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, जो उनकी खैरात का इंतजार कर रही है. मसूद ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से सीटों की मांग नहीं की थी, इसके बावजूद 26 सीटों का ऐलान कर दिया गया.

इमरान मसूद ने साफ कहा कि कांग्रेस अपने उम्मीदवार कब उतारेगी, इसका फैसला पार्टी का नेतृत्व करेगा. उन्होंने गठबंधन की गंभीरता पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर गठबंधन के बीच इस तरह का व्यवहार किया जाता है, तो फिर गठबंधन का मतलब ही क्या रह जाता है.

'क्या हम भिखारी हैं, जो खैरात का इंतजार करेंगे?'
समाजवादी पार्टी की उम्मीदवारों की सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा, "हम कोई भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की खैरात का इंतजार कर रहे हों." उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस ने सीटों की मांग ही नहीं की थी, तो फिर सपा की ओर से 26 सीटों की घोषणा करने की जरूरत क्यों पड़ी?

मसूद के मुताबिक, सीटों को लेकर इस तरह एकतरफा फैसला करना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन में शामिल दल अपनी शर्तें थोपेंगे, तो इसे लेकर सवाल उठेंगे. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, "मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति को ये बातें समझ नहीं आतीं."

'गठबंधन कहां है? इस तरह का बर्ताव गठबंधन नहीं'
इमरान मसूद ने सपा के फैसले को गठबंधन की भावना के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि अगर एक तरफ कुछ कहा जाता है और दूसरी तरफ कुछ और किया जाता है, तो ऐसे में गठबंधन कहां रह जाता है. उनके मुताबिक, इस तरह के व्यवहार से यह सवाल खड़ा होता है कि क्या गठबंधन को लेकर गंभीरता भी है या नहीं.

उन्होंने कहा, "अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है." मसूद ने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस पूरे मामले में क्या हो रहा है. अब आगे क्या करना है, इसका फैसला कांग्रेस नेतृत्व को करना है.

ये भी पढ़ें- सपा की पहली सूची से ही छिड़ा घमासान! कांग्रेस ने लगाया इमरान मसूद को कमजोर करने का आरोप, सहारनपुर की 7 सीटों पर ठोका दावा

ये भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव 2027: सीट शेयरिंग को लेकर सपा-कांग्रेस में खींचतान, इन 3 फार्मूलों से खुल सकती है गांठ?
 

कांग्रेस कब उतारेगी उम्मीदवार, नेतृत्व करेगा फैसला
कांग्रेस सांसद ने साफ किया कि उम्मीदवार उतारने का फैसला उनकी पार्टी करेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है. इसमें कोई बड़ी बात नहीं है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जब आएंगे, तो पार्टी नेतृत्व की ओर से जो निर्देश मिलेगा, उसी के मुताबिक काम किया जाएगा.

मसूद ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव क्या कर रहे हैं या क्या नहीं, यह उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है. वह अपनी पार्टी से बंधे हुए हैं और कांग्रेस जो भी फैसला करेगी, उन्हें उसका पालन करना होगा. उन्होंने दोहराया कि इस मामले में पार्टी का आधिकारिक रुख चर्चा के बाद ही सामने आएगा.

'लड़ाई BJP के खिलाफ है या कांग्रेस के खिलाफ?'
इमरान मसूद ने अपने बयान में यह सवाल भी उठाया कि आखिर चुनावी लड़ाई किसके खिलाफ है. उन्होंने कहा कि यह तय होना चाहिए कि मुकाबला बीजेपी के खिलाफ है या कांग्रेस के खिलाफ. उनके मुताबिक, अगर गठबंधन की बात हो रही है, तो सभी दलों को एक-दूसरे के साथ गंभीरता से पेश आना चाहिए.

उन्होंने कहा कि उन्हें सपा की ओर से किए जा रहे इस तरह के फैसले समझ नहीं आ रहे हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को गठबंधन की परवाह नहीं होने जैसी बात नहीं है, लेकिन अगर कोई अपनी पार्टी अपने तरीके से चलाना चाहता है, तो कांग्रेस उसे रोक नहीं रही है.

'मेरी जिम्मेदारी कांग्रेस के लिए काम करना है'
मसूद ने आखिर में कहा कि वह कांग्रेस से बंधे हुए हैं और पार्टी का जो भी आधिकारिक बयान आएगा, वह नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद ही सामने आएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उनका काम उसके लिए काम करना और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाना है.

उन्होंने सपा की ओर से किए जा रहे फैसलों को अच्छी बात नहीं बताया. फिलहाल इमरान मसूद के बयान से साफ है कि सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सहमति का मुद्दा गरमा गया है. आगे इस मामले में क्या फैसला होगा, यह कांग्रेस नेतृत्व तय करेगा.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES