विशाल सिंह/UP BJP Cyber Plan: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी डिजिटल रणनीति तेज कर दी है. पार्टी अब सोशल मीडिया पर विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने के लिए ‘साइबर योद्धाओं’ की टीम तैयार करेगी. इसके साथ ही विपक्ष के दावों और दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने की तैयारी है.
बीजेपी की रणनीति है कि सोशल मीडिया पर पार्टी सिर्फ विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने तक सीमित न रहे, बल्कि खुद नैरेटिव सेट करे। इसके लिए संगठन में नए लोगों, खासकर युवाओं और Gen-Z को डिजिटल अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है.
2024 से सबक, 2027 के लिए डिजिटल तैयारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 2024 के लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया और नैरेटिव के मोर्चे पर सामने आई चुनौतियों से सबक लेते हुए इस बार बीजेपी ज्यादा सक्रिय और सतर्क रहना चाहती है. विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के बयानों, दावों और सरकारों के कामकाज से जुड़े मुद्दों को तथ्यों के साथ जुटाकर सोशल मीडिया पर प्रभावी तरीके से पेश करने की योजना है.
बूथ तक डिजिटल नेटवर्क मजबूत करने की तैयारी
बीजेपी की कोशिश सिर्फ प्रदेश स्तर तक सोशल मीडिया अभियान चलाने की नहीं है. बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त करने की रणनीति बनाई जा रही है. पार्टी चाहती है कि संगठन का हर स्तर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहे और जनता से लगातार संवाद बनाए रखे.
युवाओं और Gen-Z पर खास फोकस
डिजिटल अभियान में युवाओं और Gen-Z को जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा. पार्टी के मुताबिक, नए लोगों को सोशल मीडिया अभियान में शामिल किया जाएगा, ताकि युवा वर्ग की जरूरतों और भाषा को समझते हुए उनसे बेहतर संवाद किया जा सके.
विपक्ष के दावों का तथ्यात्मक जवाब
बीजेपी की प्रस्तावित QRT विपक्ष के दावों और कथित दुष्प्रचार पर तेजी से प्रतिक्रिया देने का काम करेगी.पार्टी की रणनीति है कि किसी भी मुद्दे पर जवाब सच, आंकड़ों और तथ्यों के आधार पर दिया जाए.
दिनेश प्रताप सिंह (मुख्य प्रवक्ता, भाजपा यूपी)
"हमारा लक्ष्य सच और तथ्यों को जनता तक पहुंचाना है। विपक्ष जो झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति करता है, उसका करारा और त्वरित जवाब हमारे सोशल मीडिया वॉरियर्स देंगे"
बीजेपी का लक्ष्य साफ है- 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार करना, जो विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने के साथ पार्टी का अपना नैरेटिव भी जनता तक पहुंचा सके.
यूपी भाजपा ये जानती है कि सोशल मीडिया केवल संदेश प्रसारित करने का माध्यम नहीं बल्कि जनता से निरंतर संवाद का अहम मंच है इसीलिए अब वरिष्ठ पदाधिकारी भी डिजिटल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहेंगे. 2027 में विधानसभा चुनाव हैं उससे पहले खासकर विपक्ष की खामियां, उनके गलत कामों और नकारात्मक भाषणों को तथ्यों के साथ जुटाकर उनको पोस्ट करने का प्लान तैयार किया गया है.