SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विधानसभा चुनाव के लिए BJP का 'मास्टर प्लान', 2012-17 के 'सपा काल' से तुलना कर जनता के बीच जाएगी पार्टी

UP Election Strategy: यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर BJP ने अपनी राजनीतिक और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. लखनऊ में संगठन और शासन स्तर पर बनी इस रणनीति के तहत बीजेपी समाजवादी पार्टी के शासनकाल (2012-2017) के आंकड़ों की तुलना 2017 के बाद की अपनी सरकार की उपलब्‍धियों और स्थिति से करेगी.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Sep 14, 2026, 08:26 AM IST | Updated: Sep 14, 2026, 08:32 AM IST
Image Credit: UP Vidhansabha Election 2027,
Join

विशाल सिंह/UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. पार्टी अब जनता के बीच सिर्फ मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाने के बजाय 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल और 2017 के बाद की बीजेपी सरकार के प्रदर्शन की तुलनात्मक तस्वीर पेश करने की तैयारी में है. इसके जरिए बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के मामले में उसकी सरकार सपा शासन से बेहतर रही है.

आंकड़ों के जरिए सपा बनाम बीजेपी सरकार का रिपोर्ट कार्ड
बीजेपी की रणनीति में आंकड़ों को खास महत्व दिया जा रहा है. पार्टी 2012-17 के दौरान प्रदेश की स्थिति और 2017 के बाद हुए बदलावों को सामने रखकर जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी. इसमें अपराध, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सरकारी योजनाओं जैसे मुद्दों को शामिल किया जाएगा.

बीजेपी का फोकस इस बात पर रहेगा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश की क्या स्थिति थी और योगी सरकार के आने के बाद उसमें क्या बदलाव आया. पार्टी इसी तुलना के जरिए आगामी चुनाव में सत्ता में दोबारा वापसी का आधार तैयार करना चाहती है.

अपराध नियंत्रण को बनाएगी बड़ा चुनावी मुद्दा
बीजेपी के चुनावी नैरेटिव में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण सबसे अहम मुद्दों में शामिल रहने वाला है. पार्टी सपा शासन के दौरान अपराध की स्थिति और योगी सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की तुलना जनता के सामने रखने की तैयारी में है.

बीजेपी की कोशिश होगी कि कानून-व्यवस्था को सिर्फ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय आंकड़ों और सरकार की कार्रवाई के उदाहरणों के साथ जनता के बीच रखा जाए.अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस व्यवस्था में बदलाव और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की नीति को चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा.

महिला सुरक्षा पर भी पेश होगी 'बदलाव की तस्वीर'
महिला सुरक्षा बीजेपी के चुनावी अभियान का एक और बड़ा हिस्सा होगी. पार्टी सपा सरकार के दौर की स्थिति की तुलना योगी सरकार में महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों से करेगी.महिला हेल्पलाइन, मिशन शक्ति, पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम, महिला थानों और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों को सामने रखकर बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि महिलाओं के लिए सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है.

'पीडीए' के मुकाबले सामाजिक समीकरण पर बीजेपी का फोकस
2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के मुकाबले बीजेपी अपना सामाजिक समीकरण मजबूत करने पर भी जोर देगी. पार्टी की रणनीति में अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने की कोशिश होगी.

बीजेपी का संदेश यह होगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जाति या राजनीतिक पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि जरूरत के आधार पर दिया जा रहा है. राशन, आवास, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और दूसरी कल्याणकारी योजनाओं को इसी नैरेटिव के साथ जनता तक पहुंचाने की तैयारी है.

'सपा से बेहतर क्यों भाजपा?' पर होगा संवाद
बीजेपी का चुनावी अभियान केवल उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं रहेगा. पार्टी जनता के बीच यह सवाल भी रखने की कोशिश करेगी कि 'सपा से बेहतर बीजेपी क्यों?' इसके लिए सरकार के कामकाज को सपा शासन के साथ जोड़कर संवाद की रणनीति अपनाई जाएगी. यानी एक तरफ 2012-17 की तस्वीर और दूसरी तरफ 2017 के बाद के बदलावों को रखकर मतदाताओं से सीधे संवाद किया जाएगा.

2027 के लिए नैरेटिव तैयार करने की कोशिश
कुल मिलाकर बीजेपी की रणनीति का मकसद 2027 के चुनाव को 'पिछली सरकार बनाम मौजूदा सरकार' के प्रदर्शन की तुलना में बदलना है. कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास, सरकारी योजनाओं और सामाजिक समीकरण के जरिए पार्टी अपना पक्ष मजबूत करेगी.

बीजेपी की कोशिश होगी कि चुनावी मैदान में विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ-साथ वह खुद अपना नैरेटिव तय करे. यानी 2012-17 की सपा सरकार बनाम 2017 के बाद की बीजेपी सरकार को चुनावी बहस का प्रमुख आधार बनाया जाए.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES