यूपी के मंत्री संदीप सिंह और छोटे भाई सौरभ की निकली घुड़चढ़ी, पिता राजवीर सिंह 'राजू भैया' ने जमकर लगाए ठुमके
यूपी के मंत्री संदीप सिंह और छोटे भाई सौरभ की शादी 26 नवंबर को होने वाली है. इससे पहले घुड़चढ़ी की रस्म अदा की गई है. इस दौरान पिता राजवीर सिंह उर्फ 'राजू भैया' ने जमकर ठुमके लगाए.
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह के विवाह समारोह की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं. शादी से पहले होने वाली पारंपरिक रस्मों के बीच अलीगढ़ से लेकर दिल्ली तक परिवार में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है. हाल ही में आयोजित हुए घुड़चढ़ी समारोह में एक बेहद खास और आत्मीय नजारा देखने को मिला, जब दोनों बेटों की शादी की खुशी में उनके पिता और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ 'राजू भैया' खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए.
राजू भैया ने जमकर किया डांस
घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर राजवीर सिंह राजू भैया ने अपने दोनों बेटों संदीप सिंह और सौरभ सिंह के साथ जमकर डांस किया. पिता और पुत्रों की इस जुगलबंदी ने समारोह में मौजूद सभी मेहमानों का दिल जीत लिया और कार्यक्रम की रौनक को दोगुना कर दिया. इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों, रिश्तेदारों और करीबी मित्रों ने भी पारंपरिक गीतों और संगीत की धुन पर जमकर ठुमके लगाए. पूरे परिवार में शादी की खुशियों का यह जश्न चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी लोगों द्वारा खूब पसंद किए जा रहे हैं.
राजधानी दिल्ली में शादी का कार्यक्रम
बता दें कि विवाह के मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली में किया जाएगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित प्रतिष्ठित 'द लीला पैलेस' होटल में विवाह से जुड़ी अन्य प्रमुख रस्में निभाई जाएंगी. इसके बाद, दोनों भाई राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे.
27 नवंबर को होगा रिसेप्शन
शादी के अगले दिन यानी 27 नवंबर को एक विशाल और भव्य रिसेप्शन का आयोजन भी रखा गया है. इस शाही समारोह में राजनीति, प्रशासन, उद्योग और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े करीब 10 हजार वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में हो रहे इस दोहरे विवाह समारोह को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है.
रिपोर्ट: मनीष शर्मा
यह भी पढ़ें: बेटी की मेहंदी में जमकर थिरकीं अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी, वायरल हुआ वीडियो