)
नकली और घटिया क्वालिटी दवाओं के खिलाफ देशभर में एक्शन जारी है. अक्टूबर के महीने में भी बड़ी संख्या में दवाएं जांच में फेल हो गईं. पिछले महीने देशभर में 324 दवाओं के सैंपल क्वॉलिटी जांच में फेल पाए गए. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी CDSCO की रिपोर्ट में 37 दवाओं को सेंट्रल लैब की जांच में नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वॉलिटी (NSQ) घोषित किया गया है. ड्रग टेस्टिंग लैब में 287 दवाएं NSQ पाई गईं. असम में नकली दवा का 1 मामला सामने आया. यहां दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर अवैध निर्माता ने नकली दवाई बनाई थी. इस मामले में CDSCO और राज्य के ड्रग रेग्युलेटर जांच कर रहे हैं और दोषियों पर कानून के तहत कार्रवाई होगी.
गौरतलब है कि NSQ का मतलब जांचे गए खास बैच का गुणवत्ता मानकों पर फेल होना है, पूरे ब्रांड की सभी दवाएं खराब होना नहीं.
रेगुलेटर के मुताबिक, संबंधित बैच की पहचान कर बाजार से हटाने की कार्रवाई की जा रही है. CDSCO ने एक बयान में कहा, निगरानी गतिविधि के तहत, NSQ और नकली दवाओं की लिस्ट हर महीने CDSCO पोर्टल पर मुहैया कराई जाती है. अक्टूबर-2026 के लिए, सेंट्रल ड्रग लैब ने 37 दवा नमूनों को NSQ के तौर पर पहचाना है, जबकि स्टेट ड्रग्स टेस्टिंग लैब ने 287 दवा नमूनों को NSQ माना है. किसी दवा नमूने को NSQ तब माना जाता है, जब वह तय क्वॉलिटी स्टैंडर्ड में से किसी एक या ज्यादा में फेल हो जाता है. यह नाकामी सिर्फ सरकारी लैब के जांचे गए उस खास बैच की दवाओं तक ही सीमित है. इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में मौजूद अन्य दवाओं को लेकर भी कोई चिंता होनी चाहिए.
इसके अलावा, असम की स्टेट ड्रग्स अथॉरिटी से मिले 1 दवा नमूने को 'नकली' दवा के रूप में पहचाना गया है. इसे किसी अवैध निर्माता ने किसी अन्य कंपनी के ब्रांड नाम का उपयोग करके बनाया गया था. इस मामले की जांच चल रही है और कानून व नियमों के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी.
NSQ और नकली दवाओं की पहचान करने की यह प्रक्रिया राज्य नियामकों के सहयोग से नियमित रूप से की जाती है, ताकि ऐसी दवाओं की पहचान करके उन्हें बाजार से हटाया जा सके.
दरअसल, लैब में दवाओं के सैंपल की जांच की जाती है. यहां घुलनशीलता, सॉल्ट या एक्टिव इंग्रेडिएंट की मात्रा, वजन और शुद्धता के आधार पर जांच होती है. अगर मानक कम पाया जाता है, तो उसको NSQ घोषित किया जाता है. लेकिन आप घर में भी दवाओं की जांच कर सकते हैं. इसकी पहचान, दवा की पैकेजिंग, उसके असर और लक्षणों से की जा सकती है. इसके अलावा, इन्फेक्शन, शुगर, ब्लड प्रेशर की दवा लेने के बावजूद भी अगर परेशानी कंट्रोल में ना आ रही हो, तो भी वह NSQ दवा हो सकती है.