दिवाली पर यूपी-112 की पीआरवी ने लगाई दौड़, तीन दिन में 2.05 लाख लोगों ने मांगी मदद
यूपी में दिवाली के तीन दिनों के दौरान 2,05,738 लोगों ने यूपी-112 से मदद मांगी. इस दौरान पुलिस, मेडिकल और फायर ब्रिगेड की टीमों ने आपात स्थितियों में लोगों तक सहायता पहुंचाई.
दिवाली पर उत्तर प्रदेश में यूपी-112 की पीआरवी टीमें अलर्ट रहीं. 7 से 9 नवंबर के बीच 2,05,738 लोगों ने इस आपात सेवा से मदद ली. आम दिनों में यूपी-112 से रोजाना करीब 38 हजार लोग मदद लेते हैं. छोटी दिवाली यानी 7 नवंबर को 53,264 लोगों ने सहायता मांगी. 8 नवंबर को यह संख्या 74,816 और 9 नवंबर को 77,753 रही. त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा और आपात जरूरतों को देखते हुए पीआरवी टीमें लगातार सक्रिय रहीं.
पुलिस से जुड़ी मदद सबसे ज्यादा
इन तीन दिनों में सबसे ज्यादा सहायता पुलिस से जुड़े मामलों में मांगी गई. 7 नवंबर को करीब 41 हजार लोगों ने पुलिस संबंधी मदद ली. 8 नवंबर को यह आंकड़ा करीब 56 हजार और 9 नवंबर को करीब 59 हजार रहा. इस तरह तीन दिनों में पुलिस से जुड़ी आपात स्थितियों में 2 लाख से अधिक नागरिकों को सहायता पहुंचाई गई. यूपी-112 की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक त्योहार के दौरान पुलिस सहायता की मांग सबसे अधिक रही.
36 हजार से ज्यादा मेडिकल इवेंट
दिवाली के तीन दिनों में मेडिकल इमरजेंसी के दौरान भी यूपी-112 ने मदद पहुंचाई. 7 से 9 नवंबर के बीच 36,817 मेडिकल इवेंट पर एंबुलेंस सहायता उपलब्ध कराई गई. वहीं आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमों ने भी मोर्चा संभाला. इस दौरान 7,029 मामलों में आग से जुड़ी आपात सहायता पहुंचाई गई.
बुजुर्गों को भी मिली मदद
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए चल रही 'सवेरा योजना' के तहत भी त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई. 7 से 9 नवंबर के बीच इस योजना में पंजीकृत 2,018 बुजुर्गों को जरूरत के मुताबिक सहायता और सुरक्षा दी गई. यूपी-112 की यह सेवा बुजुर्गों को आपात स्थिति में मदद पहुंचाने के लिए संचालित की जाती है.
रात में 11 महिलाओं को पहुंचाया घर
महिलाओं की सुरक्षा के लिए चल रही 'एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी' सेवा के तहत भी पीआरवी टीमों ने मदद की. 7 से 9 नवंबर के बीच रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक साधन नहीं मिलने की सूचना पर 11 अकेली महिलाओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया. यूपी-112 की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दिवाली के दौरान पुलिस, मेडिकल, फायर और जनोपयोगी सेवाओं के जरिए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई गई.