SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'तुम दलाली करते रहते हो....' मौरावां पुलिस इंस्पेक्टर पर भड़के सांसद साक्षी महाराज, लगा दी सरेआम क्लास

उन्नाव के पहाड़पुर में मारपीट और मौत मामले में नया अपडेट सामने आया है. सांसद साक्षी महाराज ने पुलिस इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने यहां तक कह दिया कि तुम दलाली करते रहते हो.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 12, 2026, 12:18 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 12:20 PM IST
Join

उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मौरावां पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराज नजर आ रहे हैं. साक्षी महाराज ने इंस्पेक्टर को न सिर्फ कड़ी फटकार लगाई है, बल्कि इंस्पेक्टर पर मामले में लीपापोती करने और दलाली करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.

पहले पूछा नाम, फिर जमकर सुनाई खरी-खोटी
यह पूरा मामला मौरावां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मजरे मवई गांव का है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद साक्षी महाराज ने मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर से पहले उनका नाम पूछा. इंस्पेक्टर ने अपना नाम कुमार बहादुर बताया. फिर  सांसद भड़क उठे. साक्षी महाराज ने कड़े शब्दों में कहा कि काहे के कुमार बहादुर हो तुम? अगर कुमार बहादुर होते तो तुम्हारे राज में यह सब होता? मैंने कभी तुम्हें फोन किया, तुम तो दलाली कराते रहते हो.

सांसद यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग चुटहल हैं और 32 टांके लगे हैं, इसके बावजूद तुमने मामले में लीपापोती कर दी. नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने ऐसी पुलिस कहीं नहीं देखी.

क्या है ये पूरा मामला?
दरअसल, बीती 21 सितंबर को पहाड़पुर मजरे मवई निवासी 72 वर्षीय रामस्वरूप लोधी पर गांव के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद मृतक के बेटे रामेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने दस नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.

इलाज के दौरान शनिवार रात रामस्वरूप लोधी की मौत हो गई. हालांकि, पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया. वृद्ध की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. रविवार को आक्रोशित परिजनों ने मवई-मौरावां मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

पीड़ित परिवार को दी आर्थिक मदद
गांव में बढ़ते आक्रोश के बीच बुधवार को सांसद साक्षी महाराज पहाड़पुर गांव पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी.

निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश देते हुए साक्षी महाराज ने स्पष्ट किया कि इस मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है. फिलहाल, सांसद की फटकार का यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

(उन्नाव से ज्ञानेंद्र प्रताप की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: हरदोई में डिवाइडर से टकराई बेकाबू कार, IT कंपनी के वाइस चेयरमैन समेत 4 की मौत

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES