SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive Interview: वह हमारे बड़े भाई, मिलकर लड़ेंगे चुनाव.. बेहट में इमरान मसूद से टकराव पर क्या बोले उमर अली खान?

सपा प्रत्याशी उमर अली खान ने ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को अपना बड़ा भाई बताते हुए गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की बात कही. PDA के नारे को हर समाज के हक और संविधान की लड़ाई से जोड़कर अपनी बात रखी.

Written By Gunateet Ojha
Published: Nov 25, 2026, 20:05 IST | Updated: Nov 25, 2026, 20:28 IST
Image Credit: जी संवाददाता
Join

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर की बेहट सीट से अपने मौजूदा विधायक उमर अली खान को दोबारा उम्मीदवार बनाया है. अखिलेश यादव के इस फैसले के साथ ही बेहट की सियासत में हलचल तेज हो गई है. इसकी एक बड़ी वजह कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की इस सीट पर दावेदारी है. सहारनपुर की राजनीति में इमरान मसूद का अपना प्रभाव है और कांग्रेस भी जिले की कुछ सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सपा-कांग्रेस का गठबंधन बेहट में भी एकजुट होकर चुनाव लड़ पाएगा?

उमर अली खान इस सवाल पर किसी तरह के टकराव की बात नहीं करते. वह इमरान मसूद को अपना बड़ा भाई बताते हैं और कहते हैं कि दोनों दलों को मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ना है. उनके मुताबिक चुनाव में गठबंधन की एकजुटता सबसे अहम होगी.

उमर अली खान के सामने इस बार अपनी सीट बचाने के साथ पिछले पांच साल के कामकाज को जनता के सामने रखने की चुनौती भी है. बेहट में बरसात के दौरान बाढ़, गांवों का संपर्क टूटना, पुलों की कमी, किसानों की समस्याएं और रोजगार के लिए पलायन लंबे समय से बड़े मुद्दे हैं. विधायक इन समस्याओं को विधानसभा से लेकर शासन और प्रशासन तक उठाते रहे हैं. उनका जोर अब क्षेत्र में पुल-सड़क के बेहतर नेटवर्क, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है.

ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में उमर अली खान ने गठबंधन, इमरान मसूद, बेहट के विकास और PDA के चुनावी नारे पर अपनी बात रखी.

'इमरान मसूद हमारे बड़े भाई, मिलकर लड़ेंगे चुनाव'

सवाल: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहारनपुर की जिन सीटों पर दावेदारी कर रहे थे.. उनमें बेहट भी शामिल थी. अब सपा ने आपको उम्मीदवार घोषित कर दिया है. इस सीधे टकराव के बीच अपनी जीत का समीकरण कैसे देखते हैं?

उमर अली खान: मेरे संज्ञान में ऐसी कोई बात नहीं है. इमरान मसूद हमारे बड़े भाई हैं. सपा और कांग्रेस को मिलकर चुनाव लड़ना है. सपा-कांग्रेस को भाजपा को हटाने की लड़ाई लड़नी है. हम सभी की कोशिश यही होनी चाहिए कि गठबंधन मजबूत रहे और दोनों पार्टियां एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरें.

बेहट में सपा और कांग्रेस के बीच तालमेल को लेकर उमर अली खान का यह बयान काफी अहम है. इमरान मसूद सहारनपुर से सांसद हैं और जिले की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ है. 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर सीट से जीत दर्ज करने वाले इमरान को बेहट विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा पर 38,229 वोटों की बढ़त मिली थी. उस चुनाव में वह INDIA गठबंधन के साझा उम्मीदवार थे. उमर अली का कहना है कि गठबंधन का मकसद भाजपा को सत्ता से हटाना है. वह इमरान मसूद के साथ किसी तरह की खींचतान के बजाय मिलकर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं.

'कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बनाएंगे चुनावी माहौल'

सवाल: अगर कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर बात बिगड़ती है या स्थानीय स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता आपके साथ नहीं आते हैं, तो मुस्लिम और दलित वोटों के बिखराव को आप कैसे रोकेंगे?

उमर अली खान: ऐसी कोई बात ही नहीं है. सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे. हमें उम्मीद है कि दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी. उमर अली खान को भरोसा है कि सपा और कांग्रेस के बीच चुनाव से पहले सहमति बन जाएगी. उनका मानना है कि भाजपा को हराने के लिए दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को एक साथ आना होगा. बेहट में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की अच्छी हिस्सेदारी है. इसके अलावा पिछड़े वर्गों और दूसरे समुदायों के मतदाता भी चुनावी नतीजे तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं. 2011 की जनगणना के मुताबिक बेहट तहसील की आबादी में मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी करीब 51.2 फीसदी और अनुसूचित जाति की आबादी करीब 19.4 फीसदी थी (ये तहसील की आबादी के आंकड़े हैं.

2022 के विधानसभा चुनाव में उमर अली खान ने बेहट सीट पर 1,34,513 वोट हासिल किए थे. भाजपा के नरेश सैनी को 96,633 वोट मिले थे. उमर अली ने 37,880 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. इस जीत में गठबंधन के वोटों का तालमेल भी अहम रहा. अब 2027 में उनकी कोशिश इस समर्थन को बनाए रखने और दूसरे वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की होगी.

'बाढ़ से गांवों को बचाने के लिए पुल और सड़कों पर काम कर रहे हैं'

सवाल: बेहट शिवालिक की तलहटी और यमुना किनारे बसा इलाका है. खनन, बाढ़ से कटाव और युवाओं के रोजगार को लेकर पिछले कार्यकाल में आपने क्या ठोस काम किए और 2027 के लिए आपका रोडमैप क्या है?

उमर अली खान: बेहट में तेजी से बाढ़ आती है और गांवों में पानी घुस जाता है. इस समस्या के समाधान के लिए लगातार काम कर रहे हैं. इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद भी इस दिशा में व्यवस्थाएं बनी हैं. मदनपुरा पुल, नौरंगपुर पुल और कई दूसरे पुलों को लेकर काम हो रहा है. हमारी कोशिश है कि बरसात के दौरान गांवों में पानी न घुसे और लोगों का संपर्क दूसरे इलाकों से न टूटे. यमुनोत्री मार्ग की व्यवस्था भी दुरुस्त कराई गई है. कई ऐसे पुल हैं जिन पर सिर्फ वादे होते रहे हैं. हम उन पर भी काम कराने की कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने आगे कहा कि बेहट में मंडी और पर्यटन के विकास की भी काफी संभावनाएं हैं. क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं विकसित करना जरूरी है. बेहट में बाढ़ और पुलों की समस्या को लेकर उमर अली खान लगातार आवाज उठाते रहे हैं. विधानसभा में भी वह कई बार इस मुद्दे को उठा चुके हैं. उनका जोर घाड़ क्षेत्र के उन गांवों पर है, जहां बरसात के दौरान नदियों और बरसाती नालों में पानी बढ़ने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है. मदनपुरा, शाहपुर गाड़ा, मुर्तजापुर और दूसरे इलाकों में पुलों की जरूरत को लेकर वह शासन और प्रशासन के सामने मांग रख चुके हैं.

विधायक ने टोडरपुर-गंदेवड़-चिलकाना मार्ग के निर्माण और मजबूती का मुद्दा भी उठाया है. यह सड़क मां शाकुंभरी देवी और रायपुर खानकाह जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के साथ कई इलाकों को जोड़ती है. उनका कहना है कि सड़क और पुलों का बेहतर नेटवर्क बनने से ग्रामीणों को बरसात में राहत मिलेगी और क्षेत्र के कारोबार को भी फायदा होगा.

पर्यटन से रोजगार बढ़ाने की तैयारी

उमर अली खान बेहट को पर्यटन के नक्शे पर आगे लाने की भी पैरवी कर रहे हैं. शिवालिक की पहाड़ियां, मोहंड क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य और मां शाकुंभरी देवी का सिद्धपीठ इस इलाके को पर्यटन के लिहाज से खास बनाते हैं. विधायक का सुझाव है कि यहां उत्तराखंड की तर्ज पर जंगल सफारी शुरू की जाए. इसके साथ होटल, रेस्टोरेंट, पिकनिक स्पॉट और दूसरी सुविधाएं विकसित हों तो स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता है.

उन्होंने क्षेत्र में प्लाईवुड फैक्टरी लगाने की मांग भी उठाई है. सहारनपुर और आसपास के इलाकों में पॉपुलर और यूकेलिप्टस की लकड़ी का उत्पादन होता है. स्थानीय स्तर पर प्लाईवुड उद्योग विकसित होने से किसानों को अपनी लकड़ी बेचने के लिए दूसरे राज्यों तक नहीं जाना पड़ेगा. इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी बन सकते हैं. उमर अली खान का कहना है कि बेहट में विकास की संभावनाओं की कमी नहीं है. जरूरत इन संभावनाओं को योजनाओं में बदलने और जमीन पर काम कराने की है.

'हर समाज का आदमी परेशान, संविधान की रक्षा भी बड़ा मुद्दा'

सवाल: सपा ने अपनी पहली सूची के साथ 'होगा PDA के नाम, अबकी एकजुट मतदान' का नारा दिया है. बेहट के जातीय समीकरण में आप इस फॉर्मूले को जमीन पर कैसे उतारेंगे?

उमर अली खान: हर समाज का आदमी परेशान है. संविधान खतरे में है. रेहड़ी-पटरी वालों पर जीएसटी के छापे पड़ रहे हैं. सरकार ज्यादती कर रही है. सरकार सिर्फ जगहों के नाम बदलने में व्यस्त है. हमारा मानना है कि हर समाज के लोगों को अपने अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए. मौजूदा सरकार में सभी वर्ग के लोगों की आवाज दबाई जा रही है.

उमर अली खान PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को सिर्फ जातियों तक सीमित नहीं रखते. उनका कहना है कि महंगाई, रोजगार और छोटे कारोबारियों की समस्याएं हर समाज से जुड़े लोगों को प्रभावित कर रही हैं. रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले लोगों से लेकर किसानों और युवाओं तक सभी को अपने अधिकारों की चिंता है. ऐसे मुद्दों के जरिए ही लोगों को एक साथ जोड़ने की जरूरत है. उमर अली खान की कोशिश है कि विकास और संविधान से जुड़े मुद्दों को उठाकर अलग-अलग समाजों के लोगों को साथ लाया जाए.

2027 में फिर जीत की तैयारी

बेहट में उमर अली खान को दोबारा टिकट देकर समाजवादी पार्टी ने अपने मौजूदा विधायक पर भरोसा जताया है. 2022 में 37,880 वोटों की जीत ने उन्हें इस सीट पर मजबूत स्थिति दी थी. अब उनके सामने उस जीत को दोहराने की चुनौती है. उनके पक्ष में पांच साल का विधायी अनुभव, क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार उठाई गई आवाज और सपा-कांग्रेस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की उम्मीद है. उमर अली खान का कहना है कि बेहट में बाढ़ से बचाव, पुलों और सड़कों का निर्माण, पर्यटन और रोजगार उनकी प्राथमिकताओं में हैं.

यह भी पढ़ें: पीलीभीत में किसका कितना दम? चार सीटों पर BJP का दबदबा या सपा की वापसी की तैयारी
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES