कानपुर देहात में टायर फैक्ट्री में भीषण आग: फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका, दो मजदूर जिंदा जले
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में टायर फैक्ट्री में भीषण आग के चलते फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका हो गया. दो मजदूर जिंदा जल गए.
आलोक कुमार/कानपुर देहात: कानपुर देहात में सोमवार को भीषण हादसा हो गया. गजनेर थाना क्षेत्र के जुरिहा गांव के पास टायर फैक्ट्री में तेल टैंक वेल्डिंग करने के दौरान भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से दो मजदूर जिंदा जल गए. आग की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और अनुमति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
टायर फैक्ट्री में वेल्डिंग के दौरान लगी आग
गजनेर थाना क्षेत्र के जुरिहा गांव में OM JVRD नाम की कंपनी है. सोमवार शाम को मजदूर तेल टैंक में वेल्डिंग कर रहे थे. वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी ज्वलनशील तेल के संपर्क में आते ही आग भड़क गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग लगने से टैंक में जोरदार धमाका हो गया. इससे काम कर रहे दो मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे के वक्त फैक्ट्री संचालक मौके पर था, लेकिन बाद में वह फरार हो गया.
दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
सूचना पर माती फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंच गए. टीम मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री परिसर में बने दो फ्यूल टैंकों में से एक आग की लपटों से घिरा हुआ था. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए. मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. करीब आधे घंटे बाद आग बुझा ली गई. हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है.
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री परिसर में स्थिति का जायजा लिया. आग लगने की वजह तलाशने में जुट गए. साथ ही फैक्ट्री में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था, फ्यूल टैंक और आग लगने के समय की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है. फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और अनुमति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि फिलहाल हर बिंदु पर जांच की जा रही है.