App

दुर्गा पूजा देख लौट रहे बाइक सवार हादसे का शिकार: सिद्धार्थनगर में बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत

Siddharthnagar Accident: सिद्धार्थनगर में दुर्गा पूजा देखकर बाइक से लौट रहे तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में तीनों की मौत हो गई.

दुर्गा पूजा देख लौट रहे बाइक सवार हादसे का शिकार: सिद्धार्थनगर में बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत
Image Credit: Siddharthnagar Road Accident (File Photo)

सलमान आमिर/सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई. तीनों युवक देर रात दुर्गा पूजा देखकर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बयारा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और चौरा बनगवा गांव में मातम छा गया. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.

दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे थे बाइक सवार 
पूरा मामला भवानीगंज थाना क्षेत्र के बयारा चौराहे का है, जहां चौरा बनगवा गांव निवासी इंद्रजीत गौतम, विशाल और मुकेश अग्रहरि मंगलवार देर रात दुर्गा पूजा देखने के बाद एक ही बाइक से घर लौट रहे थे. रात करीब 12 बजे बयारा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दो हिस्सों में टूट गई और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

दो युवक पढ़ाई करते थे 
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतकों में इंद्रजीत गौतम की उम्र 20 वर्ष, जबकि विशाल और मुकेश अग्रहरि की उम्र 17-17 वर्ष बताई गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि मृतकों में दो युवक पढ़ाई कर रहे थे, जबकि एक युवक वेल्डिंग का काम करता था.

बिना हेलमेट बाइक पर सवार थे 3 युवक 
हादसे की सूचना मिलने पर भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था. हालांकि, हादसे की गंभीरता को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि हेलमेट पहनने से उनकी जान बच सकती थी या नहीं.

हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More