SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बांदा में दर्दनाक हादसा: नदी में नहाने गए 3 भाइयों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांदा में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां नदी में नहाने गए तीन भाई गहरे पानी में चले गए और डूब गए. तीनों के शवों को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 09, 2026, 04:11 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 04:14 PM IST
Join

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां दीपावली को खुशियों के माहौल में अचानक उस समय मातम पसर गया, जब बागे नदी में नहाने गए तीन भाई गहरे पानी में समा गए. एक-दूसरे को बचाने की जद्दोजहद में तीनों की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया है. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
यह पूरा मामला बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव का है. बताया जा रहा है कि गांव का रहने वाला ऋषभ अपने छोटे भाई अंश और अपने मौसेरे भाई आयुष के साथ रविवार को गांव के पास ही बागे नदी के सीमन घाट पर नहाने गया था. आयुष अतर्रा थाना क्षेत्र के गोखिया गांव का था.

एक-दूसरे को बचाने में तीनों की मौत
नहाने के दौरान अचानक ऋषभ गहरे पानी में डूबने लगा. भाई को पानी में संघर्ष करता देख उसके छोटे भाई अंश ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा. इसके बाद दोनों को बचाने के लिए मौसेरा भाई आयुष भी गहरे पानी में चला गया. दुर्भाग्य से पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न होने के कारण तीनों भाई गहरे पानी में समाते चले गए और बाहर नहीं निकल सके.

पुजारी की नजर पड़ी तो मची अफरा-तफरी
घाट के ठीक पास एक मंदिर में पूजा कर रहे पुजारी की नजर जब नदी की तरफ पड़ी, तो उन्होंने तीन युवकों को डूबते हुए देखा. पुजारी ने गांव वालों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण बदहवास हालत में घाट की ओर दौड़े और पुलिस को इसकी जानकारी दी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने युवकों की तलाश शुरू की. घंटों की मशक्कत के बाद ऋषभ और अंश को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरैनी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया.

SDRF की टीम ने बरामद किया तीसरा शव 
घटना के बाद से लापता तीसरे युवक आयुष की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम जुटी रही. कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने आयुष के शव को भी नदी से बरामद कर लिया है. इसकी पूरी जानकारी डीएसपी प्रवीण कुमार ने दी है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

(बांदा से अतुल मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: चाय की चुस्की के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट: मुरादाबाद में कैंटीन पर सरेआम युवक का कत्ल, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES