ताजमहल की सुरक्षा राम भरोसे? जहां लगा है एंटी-ड्रोन सिस्टम, वहां पहुंचकर तस्वीरें खींचते रहे विदेशी पर्यटक; वीडियो देख मचा हड़कंप
ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है. यहां दो विदेशी पर्यटक प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए. जिन्हें बाद में सुरक्षाकर्मियों ने नीचे उतारा. इस पूरे मामले पर पुलिस ने सफाई दी है. अब प्री-वेडिंग शूट का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं. ताजा मामला ताजमहल के अति-संवेदनशील 'रेड जोन' का है, जहां दो विदेशी पर्यटक तमाम सुरक्षा घेरों को पार करते हुए शाही मस्जिद के पास बने टावर नंबर-4 की छत तक जा पहुंचे.
हैरानी की बात यह है कि इसी टावर की छत पर ताजमहल के नो-फ्लाई जोन की निगरानी के लिए बेहद संवेदनशील 'एंटी-ड्रोन सिस्टम' लगाया गया है.
काफी देर तक छत पर खींचते रहे तस्वीरें
दोनों विदेशी पर्यटक काफी देर तक टावर की छत पर टहलते रहे और बेरोकटोक तस्वीरें भी खींचते रहे. इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा एजेंसियों को इसकी भनक भी नहीं लगी. बुधवार शाम जब पर्यटकों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर महकमे में हड़कंप मच गया. काफी समय बीत जाने के बाद सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और दोनों पर्यटकों को नीचे उतारा गया.
उर्स कमेटी ने उठाए सवाल
सुरक्षा में इस बड़ी चूक को लेकर उर्स कमेटी के अध्यक्ष ताहिरउद्दीन ताहिर ने नाराजगी जताई है. उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षा घेरे और कड़े प्रतिबंधों के बावजूद विदेशी पर्यटक इतने संवेदनशील उपकरण वाले टावर तक आखिर कैसे पहुंच गए? मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता कुमार ने CISF से इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
एसीपी ताज सुरक्षा की सफाई
मामले पर सफाई देते हुए ACP ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर का कहना है कि आज सोशल मीडिया पर एक खबर प्रसारित हुई थी, जिसमें बताया गया था कि ताजमहल के अंदर रेड जोन में मस्जिद के बगल वाली बिल्डिंग में दो पर्यटक ऊपर चले गए थे. इस संबंध में जानकारी की गई. जानकारी करने पर CISF द्वारा बताया गया कि दो पर्यटक जानकारी के अभाव में मस्जिद के बगल वाली सीढ़ियों से ऊपर चले गए थे, जिन्हें तुरंत ही नीचे उतार दिया गया था. ये सारी घटनाएं जानकारी के अभाव में हुई थीं. किसी के द्वारा जानबूझकर इस तरह का कोई भी कृत्य नहीं किया गया.
जारी है नियमों का उल्लंघन
ताजमहल में लापरवाही की कहानी केवल प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने तक ही नहीं रुकती. स्मारक के भीतर किसी भी तरह के व्यावसायिक या प्री-वेडिंग शूट पर सख्त पाबंदी होने के बावजूद ऐसे वीडियो आए दिन इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं. सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच बिना इजाजत इस तरह की शूटिंग होना अपने आप में एक बड़ा सवाल है.
प्री-वेडिंग शूट ने भी खोली पोल
नियमों की इस खुली अवहेलना से न सिर्फ सुरक्षा मानक कमजोर पड़ रहे हैं, बल्कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को सरकारी खजाने की भी भारी चपत लग रही है. संवेदनशील एंटी-ड्रोन टावर तक पर्यटकों की पहुंच और परिसर में धड़ल्ले से हो रही अवैध शूटिंग ने ताज की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार एजेंसियों की मुस्तैदी की कलई खोलकर रख दी है.
यह भी पढ़िए: 'तुम दलाली करते रहते हो....' मौरावां पुलिस पर भड़के सांसद साक्षी महाराज, इंस्पेक्टर की लगाई सरेआम क्लास