)
आशीष श्रीवास्तव/Sultanpur Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 79.3 पर सेना के एक जवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से जा भिड़ी. इस भीषण दुर्घटना में एंबुलेंस सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई. एंबुलेंस पंचकुला से देवरिया जा रही थी. सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया है. घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं.
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (यूपीडा) की सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से 100 शैया अस्पताल (पिठला, कुमारगंज) भिजवाया, जहां इलाज के दौरान चारों घायलों ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस सड़क दुर्घटना में कुल 04 लोगों की मौत हुई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.
मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल (30), साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28) और राम समुझ सिंह (40) के रूप में बताई गई है. सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जा रहा था, उसी एंबुलेंस के हादसे में चार लोगों की जान चली गई.
दूसरा हादसा
चंदौली-ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी जिसके बाद बाइक पर सवार पारस पाल (50) गंभीर रूप से घायल हो गया. वहां पर मौजूद लोगों ने घायल पारस को जिला अस्पताल पहुंचाया. हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पारस पाल को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. इस खबर के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ये घटना सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव के समीप शनिवार देर शाम की है.