SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दो बैठकें बेनतीजा.. सपा-कांग्रेस में सीटों पर नहीं बनी बात, 26 और 130 के बीच कैसे निकलेगा रास्ता?

यूपी चुनाव 2027 के लिए सपा-कांग्रेस के बीच दो बैठक के बाद भी सीटों पर सहमति नहीं बनी है. 26 और 130 सीटों की चर्चा के बीच अब अगली दौर की बैठक पर नजर है.

Written By Gunateet Ojha
Published: Nov 24, 2026, 20:30 IST | Updated: Nov 24, 2026, 20:40 IST
Image Credit: ZEE Creatives.
Join

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत आगे ही बढ़ती जा रही है. सीटों के बंटवारे पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है. दिल्ली में लगातार दो दिन हुई बैठकों के बाद भी दोनों दल किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंच सके. दोनों तरफ से बातचीत को सकारात्मक बताया जा रहा है और अगली बैठक में समझौता होने की उम्मीद जताई जा रही है. लेकिन सीटों की संख्या और दावेदारी का सवाल अभी बाकी है. ऐसे में गठबंधन की राह में सबसे बड़ी चुनौती सीटों का बंटवारा बनती दिख रही है.

26 सीटों का प्रस्ताव या 130 सीटों की दावेदारी?

सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच अंतर की चर्चा लगातार हो रही है. कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग रखी थी. बाद में उसकी ओर से करीब 130 सीटों की लिस्ट दिए जाने की खबर आई. दूसरी तरफ सपा सांसद राजीव राय ने 24 नवंबर को कहा कि पार्टी ने कांग्रेस के सामने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है. इस प्रस्ताव में कांग्रेस की मौजूदा दो विधानसभा सीटें और वे सीटें भी शामिल बताई गईं जहां पार्टी पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रही थी.

हालांकि दूसरे दौर की बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि अभी किसी ने सीटों की मांग नहीं की है और हर सीट पर चर्चा हो रही है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने भी 26 सीटों के प्रस्ताव की जानकारी होने से इनकार किया. यानी सीटों के आंकड़ों को लेकर दोनों दलों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. अभी किसी फॉर्मूले को अंतिम नहीं माना जा सकता.

जीत की संभावना पर होगा फैसला

सपा की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि सीटों का बंटवारा सिर्फ संख्या के आधार पर नहीं होगा. अखिलेश यादव भी कह चुके हैं कि गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है. इसलिए जिस सीट पर जिस दल का उम्मीदवार मजबूत होगा.. उसे वहां मौका मिलना चाहिए. सपा प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने भी यही बात दोहराई. उनका कहना है कि गठबंधन में सीटों की गिनती या वर्चस्व की लड़ाई नहीं होनी चाहिए. जहां जिस दल के उम्मीदवार की जीतने की संभावना हो.. वहां उसी को चुनाव लड़ना चाहिए. कांग्रेस ने अपनी सीटों की लिस्ट सौंपी है. अब दोनों दल उन सीटों के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर विचार कर रहे हैं.

अगली बैठक में फैसले की उम्मीद

पहली बैठक 23 नवंबर को हुई थी. इसके बाद 24 नवंबर को दूसरे दौर की बातचीत हुई. राम गोपाल यादव ने कहा कि 403 सीटों पर एक-एक करके चर्चा करना आसान नहीं है. इसलिए अभी बातचीत पूरी नहीं हुई है. उन्होंने भरोसा जताया कि अगली बैठकों में सीटों के बंटवारे पर चर्चा पूरी कर ली जाएगी. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उनके मुताबिक सीटों पर डेटा के साथ चर्चा हुई है और अगली दो बैठकों में समझौते को अंतिम रूप दे दिया जाएगा. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी बातचीत जारी रहने की बात कही है. फिलहाल अगली बैठक की तारीख तय होनी बाकी है.

भाजपा और जदयू ने गठबंधन पर कसा तंज

सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत जारी है.. लेकिन एनडीए की ओर से इस संभावित गठबंधन पर निशाना साधा जा रहा है. जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि सपा और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, दोनों को नुकसान होगा. उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती तल्खी का असर चुनाव पर पड़ेगा. उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और केंद्र सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए एनडीए के पक्ष में माहौल होने की बात कही. दूसरी ओर सपा और कांग्रेस के नेता गठबंधन को लेकर सकारात्मक बयान दे रहे हैं. दोनों दलों का जोर इस बात पर है कि बातचीत के जरिए सीटों का ऐसा बंटवारा किया जाए, जिस पर दोनों सहमत हो सकें.

पहले सीटों का पेच सुलझाना जरूरी

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. सपा ने 111 सीटें जीती थीं. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं. कांग्रेस का मानना है कि लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को देखते हुए उसे विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए. सपा की ओर से विधानसभा सीटों पर स्थानीय संगठन और उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को अहम बताया जा रहा है.

दोनों दल बातचीत को सकारात्मक बता रहे हैं और अगली बैठकों में फैसला होने की उम्मीद जता रहे हैं. अब असली परीक्षा यही है कि कांग्रेस अपनी दावेदारी कितनी कम करती है और सपा अपने प्रस्ताव में कितनी गुंजाइश देती है. गठबंधन की घोषणा से पहले सीटों का यह पेच सुलझाना दोनों दलों के लिए जरूरी होगा.

यह भी पढ़ेंः ANALYSIS: सपा-कांग्रेस की खिचड़ी में कितने कंकड़... जानिये 26 नवंबर से पहले यूपी की सियासत में क्यों गरमाया यह मुद्दा?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES