तुषार श्री वास्तव/लखनऊ: चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड के मामले में पुलिस की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है. यह गुत्थी अभी भी पूरी तरह नहीं सुलझ पाई है कि शिवा शर्मा की हत्या हुई थी या उसने सुसाइड किया था. इस राज से पर्दा उठाने के लिए अब पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद से घटना का रिक्रिएशन (Crime Scene Recreation) करने की तैयारी कर रही है. पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद करने और घटना से जुड़े सबूतों के जुटाने के लिए तीनों आरोपियों की कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी में है.पुलिस को उम्मीद है कि श्रद्धा का फोन मिलने के बाद मामले में उसकी मदद करने वालों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी श्रद्धा दुबे के पास से महज दो फोन ही बरामद हुए हैं. श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया है कि उसका एक फोन नेपाल में कहीं गिर गया था, जबकि श्रद्धा का भी एक अन्य फोन अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है. पुलिस का मानना है कि इन गायब फोनों के मिलने के बाद इस मामले में श्रद्धा की मदद करने वाले और भी मददगारों के चेहरे बेनकाब हो सकेंगे. पुलिस ने आरोपियों की मदद करने के शक में तीन लोगों को हिरासत में लिया है. तीनों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों के अंडरग्राउंड होने या अन्य प्रकार की मदद पहुंचाने वाले तीन संदिग्धों को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया है. उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर इन मददगारों के नाम भी मुख्य मुकदमे (FIR) में बढ़ाए जा सकते हैं. फिलहाल पुलिस घटना के रिक्रिएशन, मोबाइल फोन की बरामदगी और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.