शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे से जेल में मिलने कोई नहीं आया, रात के खाने में मिली उड़द दाल और आलू-मेथी
शिवा शर्मा केस में श्रद्धा दुबे जेल में अकेली पड़ी है. कोई भी जेल में मुलाकात करने के लिए नहीं आया. जेल सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा और रश्मि को जेल में कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है.
विशाल सिंह/श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा केस: राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है. आरोपी श्रद्धा दुबे की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. एक तरफ पुलिस कड़ियां जोड़ रही है तो दूसरी तरफ श्रद्धा के पुराने पड़ोसियों के दावे और जेल से आ रही खबरों ने मामले को और चर्चा में ला दिया है. अब पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए क्राइम सीन री-क्रिएशन कराने जा रही है. बड़े-बड़े लोगो से संपर्क करने का दावा करने वाली श्रद्धा दुबे अब पूरी तरह से अकेले पड़ गई है. आइए जानते हैं अब तक इस पर क्या अपडेट है.
जेल का मेन्यू: पहली रात नहीं आई नींद, थाली में छोड़ा खाना
जेल सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा और रश्मि को जेल में कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है. उन्हें वही खाना दिया जा रहा है जो बाकी महिला बंदियों के लिए बनता है. पहली रात दोनों को खाने में साबुत उड़द की दाल, रोटी और आलू-सोया मेथी की सब्जी परोसी गई. बताया जा रहा है कि श्रद्धा तनाव में थी और पूरी थाली नहीं खा सकी. सूत्रों का कहना है कि पहली रात उसे ठीक से नींद भी नहीं आई और वह बैरक में करवटें बदलती रही.
सुबह 6 बजे जगाया, नाश्ते में मिली मीठी दलिया
शुक्रवार को जेल की दिनचर्या के हिसाब से दोनों बहनों को सुबह 6 बजे जगा दिया गया. सुबह 7 बजे नाश्ते में उन्हें मीठी दलिया और चाय दी गई. दोपहर के मेन्यू में साबुत उड़द और राजमा की दाल, आलू-लौकी की सब्जी, चावल और रोटी थी. वहीं रात में अरहर की दाल, आलू-कद्दू की सब्जी और रोटी परोसी गई. जेल प्रशासन का कहना है कि श्रद्धा, रश्मि और तीसरे आरोपी तनवीर उर्फ दानिश, तीनों को जेल मैनुअल के तहत आम कैदियों की तरह ही खाना और सुविधाएं दी जा रही हैं.
जेल में श्रद्धा से मिलने नहीं आया कोई, खुद को बता रही बेगुनाह
जेल सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा दुबे के जेल पहुंचने के बाद से उससे मिलने कोई नहीं आया है. शुक्रवार को भी मिलने का समय खत्म होने तक कोई मुलाकाती नहीं पहुंचा. जेल के अंदर श्रद्धा लगातार खुद को बेगुनाह बता रही है. सूत्रों ने बताया कि उसने जेल में सामान्य दिनचर्या अपनाई, चाय पी और उसने खाना भी खाया. वहीं इस मामले में दूसरा आरोपी, ड्राइवीर तनवीर अली उर्फ दानिश, जेल में काफी परेशान नजर आ रहा है.
पड़ोसी का सनसनीखेज दावा:देर रात लौटती थी श्रद्धा, CCTV पर जताई थी आपत्ति
मामले में श्रद्धा के पड़ोसी अजय राय ने कई बड़े दावे किए हैं. अजय राय ने बताया कि उनके घर के बाहर CCTV कैमरा लगा है. उनके दावे के मुताबिक, श्रद्धा की दिनचर्या काफी अजीब थी. उसकी गतिविधियां देर रात शुरू होती थीं और वह अक्सर सुबह 4 बजे घर लौटती थी. अजय का आरोप है कि श्रद्धा आसपास के लोगों पर रौब जमाने की कोशिश करती थी और इसी को लेकर उनका भी उससे विवाद हुआ था.अजय के मुताबिक, जब उन्होंने अपने घर के बाहर CCTV लगवाया तो श्रद्धा ने उस पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि कैमरे में उसके आने-जाने की रिकॉर्डिंग हो रही थी. अजय राय ने यह भी दावा किया कि जिसने भी इस वारदात को अंजाम दिया, उसे उनके CCTV की जानकारी थी और इसलिए कैमरे से बचने की कोशिश की गई.
देर रात वाला CCTV फुटेज आया सामने, 4 महीने का DVR जब्त
जांच में एक और अहम कड़ी जुड़ी है. श्रद्धा दुबे का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वह देर रात बाहर से लौटती दिख रही है. पुलिस ने जांच को पुख्ता करने के लिए श्रद्धा के फ्लैट में लगे CCTV कैमरों के पिछले चार महीनों के DVR जब्त कर लिए हैं. इन फुटेज से घटना से पहले और बाद की पूरी टाइमलाइन तैयार की जाएगी. इससे यह साफ हो सकेगा कि उस रात फ्लैट में कौन आया-गया था.
सबसे बड़ा सवाल: हत्या या आत्महत्या? पुलिस कराएगी सीन री-क्रिएट
शिवा शर्मा की मौत हत्या है या आत्महत्या, यही इस केस का सबसे बड़ा सवाल है. इसका जवाब ढूंढने के लिए पुलिस अब फोरेंसिक टीम के साथ क्राइम सीन का री-क्रिएशन कराने की तैयारी में है. इसके लिए पुलिस आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर ले सकती है. री-क्रिएशन के दौरान फ्लैट की बालकनी, कमरे की बनावट और मौत के संभावित घटनाक्रम को दोहराकर देखा जाएगा. आरोपियों के बयानों का मिलान फिजिकल सबूतों से किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि री-क्रिएशन अकेले अंतिम निष्कर्ष नहीं देगा. इसके नतीजों को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, CCTV और मोबाइल डेटा के साथ जोड़कर ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा.
एक मोबाइल अब भी लापता, नेपाल में गिरने का दावा
इस केस में डिजिटल एविडेंस भी अहम हो गया है. जानकारी के मुताबिक श्रद्धा के पास तीन फोन थे. पुलिस को दो फोन मिल चुके हैं, लेकिन एक फोन अभी भी लापता है. श्रद्धा की बहन रश्मि ने पुलिस को बताया है कि उसका एक फोन नेपाल में कहीं गिर गया था. पुलिस अब इस लापता फोन को तलाश रही है. अगर फोन मिलता है तो उसकी कॉल डिटेल, चैट, लोकेशन हिस्ट्री से कई राज खुल सकते हैं.
तीन संदिग्ध हिरासत में, मददगारों की तलाश तेज
पुलिस ने श्रद्धा की मदद करने के शक में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इन लोगों ने सबूत मिटाने या भागने में मदद की थी. जांच अधिकारियों का कहना है कि अगर पूछताछ में इनकी भूमिका सामने आती है तो इनके नाम भी FIR में जोड़े जा सकते हैं.
हजरतगंज इंस्पेक्टर बदले गए
इसी बीच लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल हुआ है. हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को हटाकर उनकी जगह शिवानंद मिश्रा को नई जिम्मेदारी दी गई है. अब नई टीम ही इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच को आगे बढ़ाएगी.
अब जांच में इन 5 सवालों पर टिकी है नजर
1. शिवा शर्मा की मौत के वक्त फ्लैट के अंदर असल में क्या हुआ था?
2. CCTV फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट क्या इशारा कर रहे हैं?
3. श्रद्धा का तीसरा लापता फोन कहां है?
4. हिरासत में लिए गए तीन लोगों का क्या कनेक्शन है?
5. क्या आरोपियों के बयान क्राइम सीन से मेल खाते हैं?फिलहाल पुलिस क्राइम सीन री-क्रिएशन और डिजिटल सबूतों के आधार पर केस की अगली कड़ी जोड़ने में जुटी है.
Z गैंग के सरगना से अफेयर: नागपुर में श्रद्धा दुबे को किसने दी शरण? शिवा शर्मा केस में बड़ा खुलासा
शिवा शर्मा की मौत का सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस, श्रद्धा दुबे का फोन तलाश रही पुलिस