SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड: साजिश रचने वाला रोहित उर्फ लाडला गिरफ्तार, जेलों से जुड़े मिले हत्या के तार

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. यूपी पुलिस ने रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी पर अंकित की हत्या की साजिश रचने और आरोपियों का साथ देने का आरोप है. हत्याकांड के मुख्य आरोपी आर्यन और सत्यम अभी भी फरार हैं.

Written By Pooja Singh
Published: Oct 02, 2026, 05:50 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 05:51 PM IST
Join

Ankit Baliyan Murder Case/ श्रवण पंडित: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े निर्मम हत्या हुई थी. इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. रोहित उर्फ लाडला को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है.

पकड़ा गया आरोपी रोहित सोनीपत के थाना सदर क्षेत्र स्थित गांव उल्देपुर ठरू का रहने वाला है. उस पर अंकित बालियान की हत्या की साजिश रचने और अन्य शूटरों से तालमेल बिठाने का आरोप है.

जिम के बाहर गोलियों से भूना गया था अंकित
यह वारदात 26 अगस्त की शाम करीब पौने सात बजे की है. बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव के अंकित बालियान शामली के आर्यपुरी में नालापटरी के फिटनेस जिम से बाहर निकल रहे थे. तभी पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चार शूटरों को चिह्नित किया था. इनमें से दो शूटरों (मोहित और सुमित) को 31 अगस्त को कैराना रोड पर पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था.

तिहाड़ और हरियाणा जेल से जुड़े तार
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस जांच में इस हत्याकांड के तार तिहाड़ और हरियाणा की जेलों में बंद शातिर बदमाशों से जुड़े पाए गए हैं. मुख्य साजिशकर्ता भोलू शाहपुरिया ने इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी. हाल ही में गिरफ्तार रोहित उर्फ लाडला इस साजिश की सबसे अहम कड़ी साबित हुआ है. रोहित ने ही मुठभेड़ में मारे गए शूटर मोहित का संपर्क भोलू शाहपुरिया से कराया था. इसके बाद अंकित की हत्या की पूरी रूपरेखा तैयार की गई और अन्य शूटरों के साथ तालमेल बिठाया गया.

फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम 
मामले में दो मुख्य आरोपी आर्यन और सत्यम अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. इतना ही नहीं, उनके खिलाफ धारा 82 के तहत कुर्की की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया है.

वहीं, मृतक अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें 5 अक्टूबर तक सभी फरार आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है. परिजनों का कहना है कि अगर तय समयसीमा तक सभी आरोपी नहीं पकड़े गए, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे के आंदोलन की रणनीति बनाएंगे.

शामली पुलिस की कई टीमें अब फरार शूटरों और पर्दे के पीछे छिपे आकाओं की तलाश में हरियाणा और दिल्ली में दबिश दे रही हैं. इस गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES