App

शाहजहांपुर दोहरे हत्याकांड का बड़ा खुलासा: साधुओं की हत्या करने वाला सिरफिरा सलाखों के पीछे, मंदिर हड़पने के लिए रची थी साजिश

Shahjahanpur Sadhu Murder Case: शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या करने वाले आरोपी सुमित सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रोड भी बरामद कर ली गई है. मंदिर और मंदिर की जमीन हड़पने की नीयत से दोनों साधुओं की हत्या की गई थी. फिलहाल पुलिस ने साधुओं की हत्या के आरोपी को जेल भेज दिया है.

शाहजहांपुर दोहरे हत्याकांड का बड़ा खुलासा: साधुओं की हत्या करने वाला सिरफिरा सलाखों के पीछे, मंदिर हड़पने के लिए रची थी साजिश

Shahjahanpur Sadhu Murder Case/ शिव कुमार: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में आस्था के केंद्र को खून से लाल करने वाली सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. थाना खुदागंज क्षेत्र के सूथा गांव में दो साधुओं की अमानवीय तरीके से हत्या करने वाले आरोपी सुमित सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. जांच में सामने आया है कि पवित्र मंदिर और उसकी करोड़ों की जमीन हड़पने की नीयत से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था.

शवों को जलाने की खौफनाक साजिश
घटना दो दिन पहले की है, जब सूथा गांव के मंदिर में सालों से सेवा-पूजा कर रहे बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. शातिर आरोपी सुमित सिंह ने पहले लोहे की रॉड से हमला कर दोनों साधुओं को मौत के घाट उतारा. फिर सबूत मिटाने के इरादे से दोनों के शवों को आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी फैल गई थी. पुलिस की स्पेशल टीमों ने सुराग खंगालते हुए गांव के ही रहने वाले सुमित सिंह को धर दबोचा.

गाड़ियों और घरों में लगा चुका था आग
पुलिस पूछताछ में जो बातें सामने आईं, वे आरोपी के हिंसक और सिरफिरे मिजाज की गवाही देती हैं. आरोपी सुमित सिंह पर पहले से ही 7 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. गांव वाले उसके खौफ के साए में जीने को मजबूर थे. वह अक्सर बेजुबान पालतू जानवरों को जान से मार देता था. कार और लोगों के घरों के दरवाजों में आग लगा चुका था, लेकिन उसके बदले की भावना और खौफ के डर से गांव का कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था. इसी बेखौफ मिजाज के चलते उसने मंदिर की जमीन पर कब्जा करने का मन बनाया और दोनों साधुओं की बलि ले ली.

एनकाउंटर की चर्चाओं के बीच गिरफ्तारी, जांच अभी जारी
साधुओं की निर्मम हत्या के बाद पूरे जिले में आरोपी के संभावित पुलिस एनकाउंटर की जोर-शोर से चर्चाएं चल रही थीं. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सुरक्षित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कोर्ट में पुख्ता पैरवी कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी और मामले में जांच के कुछ अन्य पहलुओं की पड़ताल अभी जारी है.

शाहजहांपुर का यह दोहरा हत्याकांड इस बात का गवाह है कि कैसे एक सिरफिरे अपराधी के डर को समय रहते न दबाना दो बेगुनाह साधुओं की मौत का कारण बन गया. साधुओं की हत्या से आहत ग्रामीणों को अब राहत तो मिली है, लेकिन वे अदालत से आरोपी सुमित को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More