App

अखिलेश-राहुल की सत्ता वापसी पर साध्वी प्राची का बड़ा दावा, बोलीं- कई पीढ़ियों तक इंतजार करना पड़ेगा

साध्वी प्राची ने दावा किया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी को कई पीढ़ियों तक सत्ता नहीं मिलेगी. उन्होंने 2027 में बीजेपी सरकार बनने की बात कही और मुस्लिम आरक्षण, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन व कांग्रेस की संविधान यात्रा पर भी निशाना साधा.

अखिलेश-राहुल की सत्ता वापसी पर साध्वी प्राची का बड़ा दावा, बोलीं- कई पीढ़ियों तक इंतजार करना पड़ेगा
Image Credit: File Photo of Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी और विपक्षी दलों के नेता एक-दूसरे पर लगातार निशाना साध रहे हैं. इस बीच साध्वी प्राची ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है. सहारनपुर में उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी को कई पीढ़ियों तक सत्ता की कुर्सी नसीब नहीं होगी. उन्होंने कहा कि मार्च 2027 में जब नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा तो एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी.

'सिर्फ बयान देने से चुनाव नहीं जीते जाते'

अखिलेश यादव के 2027 में सत्ता परिवर्तन के दावे पर साध्वी प्राची ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना और सत्ता में आने की बात करना अलग बात है, लेकिन केवल बयानबाजी से चुनाव नहीं जीते जाते. इसके लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है. साध्वी प्राची ने सपा सरकार के कार्यकाल में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों के शासन में ऐसा हुआ, उनकी दोबारा सत्ता में वापसी नहीं हो सकती. उन्होंने दावा किया कि मार्च 2027 में बीजेपी की ही सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री भी बीजेपी का ही होगा.

मुस्लिम आरक्षण पर कांग्रेस और सपा को घेरा

साध्वी प्राची ने मुस्लिम आरक्षण की मांग को लेकर भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान अलग बना तो भारत में मुस्लिम आरक्षण की मांग क्यों की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों के कारण बहुसंख्यक समाज और सनातनियों के साथ भेदभाव हुआ. उनका दावा था कि मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के नाम पर पिछड़े वर्गों के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. साध्वी प्राची ने आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष की सोच पर सवाल उठाए और कहा कि जनता अब इन बातों को समझ रही है.

बांग्लादेशी वोटर्स के मुद्दे पर भी हमला

वोटर लिस्ट में कथित बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी साध्वी प्राची ने विपक्ष को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता ऐसे लोगों के वोट कटने को लेकर परेशान हैं. उनके मुताबिक इससे विपक्ष को चुनाव में कोई फायदा नहीं मिलने वाला. उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उन्होंने मौजूदा सरकार का बचाव किया. साध्वी प्राची ने कहा कि राज्य को अपराध मुक्त बनाने और अपराधियों पर लगाम लगाने का काम मौजूदा सरकार कर रही है. उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जनता का भरोसा बीजेपी के साथ है.

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोलीं साध्वी?

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने को लेकर पूछे गए सवाल पर साध्वी प्राची ने कहा कि विपक्ष चाहे कितने भी नए मोर्चे बना ले, इससे चुनावी नतीजों पर खास असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए समाज में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर सकती हैं. कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही संविधान यात्रा पर साध्वी प्राची ने सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अपने शासनकाल में संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचाया, वह आज संविधान बचाने की यात्रा निकाल रही है. उनका आरोप था कि विपक्षी दल यात्राओं और बयानों के जरिए जनता के बीच अलग नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. साध्वी प्राची ने यह भी दावा किया कि इससे मतदाताओं का रुख नहीं बदलेगा.

2027 से पहले तेज हो रही बयानबाजी

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति के हिसाब से मुद्दे उठाने शुरू कर दिए हैं. सपा और कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे सवालों पर सरकार को घेर रही हैं. वहीं बीजेपी के नेता कानून व्यवस्था, सांस्कृतिक मुद्दों और विपक्ष की नीतियों को निशाना बना रहे हैं. अखिलेश यादव और राहुल गांधी को सत्ता से दूर रहने का दावा करने के साथ उन्होंने मुस्लिम आरक्षण, वोटर लिस्ट और संविधान यात्रा जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More