रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा; 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत, छह घायल
रुद्रप्रयाग के कंडारा मोटर मार्ग पर बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में चार लोगों की मौत और छह घायल हुए. शादी समारोह से लौट रहे थे सभी.
भूपेन्द्र भण्डारी/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और DDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया.
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी दस लोग पोखरी में शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कंडारा के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. अत्यधिक अंधेरा और खड़ी चट्टान होने के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आईं. देर रात तक चले अभियान में सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाला गया.
हादसे में इन चार लोगों की मौत
हादसे में रांसी गांव निवासी 60 वर्षीय कुंवर सिंह, 40 वर्षीय मदन सिंह, दैड़ा गांव निवासी 42 वर्षीय सूरज सिंह और गैड़ बस्ती निवासी 70 वर्षीय बलवीर सिंह की मौत हो गई.
चार गंभीर घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा
वहीं घायलों में रांसी गांव निवासी 52 वर्षीय उमेश सिंह राणा, 56 वर्षीय राजेंद्र सिंह और 25 वर्षीय लविश राणा, कांता गांव निवासी आठ वर्षीय वंशिका और 34 वर्षीय पूजा देवी तथा चिल्लोंड गांव निवासी 33 वर्षीय उर्मिला देवी शामिल हैं. सभी घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से खाई से सड़क तक पहुंचाया गया. इनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं.
रेस्क्यू अभियान में पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया. जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज वैष्णव, यूकेडी नेता आशुतोष भण्डारी, सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत और शिव सिंह रावत भी मौके पर मौजूद रहे. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
टिहरी में बड़ा सड़क हादसा: बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में समाई, मौके पर पुलिस और SDRF