SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive Interview: देश के आखिरी छोर पर अपना सियासी किला बचा पाएंगे ऋषि त्रिपाठी? अमन मणि को तीसरे नंबर पर धकेलकर बने थे विधायक

नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में 2027 चुनाव की तैयारी, बीजेपी से अपने जुड़ाव और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन पर बात की. नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर अपनी भूमिका बताई.

Written By Gunateet Ojha
Published: Nov 27, 2026, 20:14 IST | Updated: Nov 27, 2026, 20:52 IST
Image Credit: ZEE Creatives.
Join

उत्तर प्रदेश के नक्शे पर देश के आखिरी छोर पर बसा नौतनवा नेपाल की सीमा से सटा इलाका है. यहां की सियासत भी अपने अलग समीकरणों के लिए जानी जाती है. 2022 के विधानसभा चुनाव में ऋषि त्रिपाठी ने इसी सीट पर अमन मणि त्रिपाठी को तीसरे नंबर पर पहुंचाकर जीत दर्ज की थी. अब 2027 का चुनाव सामने है और ऋषि त्रिपाठी एक बार फिर नौतनवा में अपनी जीत का दावा कर रहे हैं. ज़ी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने अपने पांच साल के कामकाज, नेपाल बॉर्डर की सुरक्षा, बीजेपी से अपने जुड़ाव और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर खुलकर बात की.

महराजगंज की नौतनवा विधानसभा सीट नेपाल सीमा से सटी होने के कारण राजनीतिक और सुरक्षा दोनों लिहाज से अहम है. 2022 के चुनाव में यहां बड़ा उलटफेर हुआ था. बीजेपी के जिला महामंत्री रहे ऋषि त्रिपाठी को गठबंधन के तहत निषाद पार्टी ने टिकट दिया और उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीत लिया. उन्होंने सपा के कुंवर कौशल सिंह को 15,331 वोटों से हराया था. अमन मणि त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे थे. अब 2027 के चुनाव से पहले ऋषि त्रिपाठी अपने कामकाज के दम पर दोबारा जनता के बीच जाने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने गांव-गांव चौपाल लगाने से लेकर रोहिन बैराज, सेमरहवा पुल और फायर स्टेशन जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया.

सवाल: 2027 का विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है. नौतनवा में आपकी क्या तैयारी है? इस बार जीत का कितना भरोसा है?

जवाब: देखिए, हम लगातार जनता के आशीर्वाद और पार्टी के सहयोग से काम कर रहे हैं. विधायक बनने के बाद से ही हमारा प्रयास रहा है कि जनता के बीच लगातार मौजूद रहें. करीब पांच साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और इस दौरान हमने क्षेत्र में लगातार काम किया है. हम गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं. जनता के सुख-दुख में शामिल होते हैं. कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर आता है तो उसकी बात सुनकर समाधान कराने का प्रयास करते हैं. नौतनवा विधानसभा का शायद ही कोई ऐसा गांव होगा जहां हमने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं न सुनी हों.

इस क्षेत्र में दशकों से कई विकास कार्य लंबित थे. जनता की जो प्रमुख मांगें थीं उनमें से करीब 95 प्रतिशत काम हम पूरा करा चुके हैं. चुनाव की तैयारी हम केवल चुनाव घोषित होने के बाद नहीं करते. पूरे पांच साल जनता के बीच रहकर काम करना ही हमारी तैयारी है. अब चुनावी माहौल बन रहा है तो पार्टी के कार्यकर्ता और हमारे सहयोगी भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

सवाल: आप निषाद पार्टी के विधायक हैं, लेकिन बीजेपी संगठन में भी लंबे समय तक काम कर चुके हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी भी माने जाते हैं. 2027 में आपका चुनावी सिंबल क्या होगा? क्या आप निषाद पार्टी से ही चुनाव लड़ेंगे?

जवाब: मैं आपको स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं. बीजेपी के जिला महामंत्री के रूप में संगठन में काम करते हुए मुझे गठबंधन के तहत निषाद पार्टी से टिकट मिला था. उस समय बीजेपी और निषाद पार्टी का गठबंधन था और नौतनवा सीट निषाद पार्टी के खाते में गई थी. इसलिए मैंने गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा. जहां तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की बात है तो उनका सहयोग और आशीर्वाद सभी विधायकों को मिलता है. मेरा प्रयास हमेशा यह रहा है कि नौतनवा में जो काम वर्षों से अटके हुए हैं उन्हें मुख्यमंत्री जी और संबंधित विभागों के मंत्रियों के सामने रखकर पूरा कराया जाए.

रोहिन नदी पर बैराज की मांग लंबे समय से थी. करीब 148 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया गया है. इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में मदद मिल रही है. सेमरहवा में रोहिन नदी पर पुल की मांग भी दशकों से हो रही थी. लोकसभा चुनाव के दौरान इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान के बहिष्कार तक की बात कही थी. मैंने वहां जाकर लोगों को भरोसा दिलाया और उनकी मांग सरकार तक पहुंचाई. अब करीब 26.80 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण शुरू हो चुका है. नौतनवा में फायर स्टेशन का निर्माण भी चल रहा है. सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के कई काम आगे बढ़े हैं. हमारा प्रयास है कि जनता की जरूरत के हिसाब से विकास की ये रफ्तार बनी रहे.

सवाल: नौतनवा नेपाल बॉर्डर से सटा हुआ क्षेत्र है. सीमा पार से अवैध आवाजाही और तस्करी की आशंकाएं बनी रहती हैं. एक विधायक के तौर पर आप इस चुनौती को कैसे देखते हैं?

जवाब: निश्चित तौर पर यह क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है. नेपाल सीमा से सटा होने के कारण यहां सतर्कता और निगरानी की जरूरत हमेशा बनी रहती है. हम भी अपनी जिम्मेदारी समझते हैं और स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहते हैं.

देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही हैं. सोनौली में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे सीमा पर आने-जाने वाले लोगों और सामान की निगरानी बेहतर होगी. पुलिस, सशस्त्र सीमा बल यानी SSB, कस्टम और दूसरे संबंधित विभाग अपने स्तर पर काम कर रहे हैं. हमारा प्रयास रहता है कि सभी विभागों के बीच समन्वय बना रहे. देश की सुरक्षा सर्वोपरि है. सीमा के रास्ते कोई अवांछित गतिविधि न हो, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी.

सवाल: बीजेपी और निषाद पार्टी के अलावा एनडीए में अपना दल, आरएलडी और ओमप्रकाश राजभर की पार्टी भी शामिल हैं. सीट बंटवारे के समय सहयोगी दलों के बीच खींचतान की आशंका रहती है. क्या आपको लगता है कि 2027 में गठबंधन के भीतर सब कुछ आसानी से तय हो जाएगा?

जवाब: देखिए, विधायक बनने के बाद से ही मैंने बीजेपी और निषाद पार्टी दोनों के कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया है. मैं बीजेपी से कभी दूर नहीं रहा. बीजेपी संगठन ने भी मुझे अपना कार्यकर्ता समझकर अलग-अलग अभियानों की जिम्मेदारी दी और मैंने उसका निर्वहन किया. इसी तरह निषाद पार्टी के कार्यक्रमों में भी मैंने हिस्सा लिया. संजय निषाद जी की तरफ से जो निर्देश मिलते रहे हैं, उनका भी पालन किया है. हमारा गठबंधन है और दोनों दलों के बीच समन्वय से ही हम चुनाव लड़कर आए हैं. जहां तक आगे सीटों के बंटवारे की बात है तो यह नेतृत्व का फैसला होता है. कौन सी सीट किस पार्टी के खाते में जाएगी, यह शीर्ष नेतृत्व तय करता है. हम कार्यकर्ता और विधायक के तौर पर पार्टी के निर्देशों का पालन करते हैं. आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे.

नौतनवा में विकास के दावे और 2027 की चुनौती

नौतनवा में ऋषि त्रिपाठी अपने कार्यकाल के दौरान शुरू हुई कई परियोजनाओं को अपनी उपलब्धि बता रहे हैं. रोहिन बैराज करीब 148 करोड़ रुपये की लागत से बना है. इससे 65 गांवों के करीब 16 हजार किसानों को सिंचाई का लाभ मिलने की बात सामने आई है. सेमरहवा में रोहिन नदी पर करीब 26.80 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण शुरू हो चुका है. नौतनवा फायर स्टेशन का निर्माण भी जारी है. इसके अलावा 2026 में क्षेत्र की छह ग्रामीण सड़कों के लिए स्वीकृति मिली और 21.5 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण पर करीब 54.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है.

हालांकि, क्षेत्र की चुनौतियां पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. जुलाई 2026 की एक रिपोर्ट में महाव नाला की बाढ़ समस्या को अब भी बरकरार बताया गया था. ऐसे में 2027 के चुनाव में विकास के दावों के साथ बाढ़ और जलभराव जैसे स्थानीय मुद्दे भी अहम रहेंगे.

राजनीतिक तौर पर ऋषि त्रिपाठी की सबसे बड़ी ताकत बीजेपी संगठन से उनका पुराना जुड़ाव और निषाद पार्टी के टिकट पर मिली पिछली जीत है. 2022 में उन्हें 90,263 वोट मिले थे. सपा के कुंवर कौशल सिंह को 74,932 और अमन मणि त्रिपाठी को 46,128 वोट मिले थे. यानी ऋषि त्रिपाठी ने 40.03 फीसदी वोट हासिल कर 15,331 मतों से जीत दर्ज की थी. ऋषि त्रिपाठी खुद को बीजेपी का कार्यकर्ता बताते हैं और अगली बार टिकट को लेकर फैसला पार्टी नेतृत्व पर छोड़ते हैं. ऐसे में नौतनवा में 2027 की उनकी चुनावी भूमिका एनडीए के सीट बंटवारे पर भी निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ेंः Exclusive Interview: वह हमारे बड़े भाई, मिलकर लड़ेंगे चुनाव.. बेहट में इमरान मसूद से टकराव पर क्या बोले उमर अली खान?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES