कानपुर वालों के लिए खुशखबरी: दिल्ली से कानपुर के लिए चलेगी नई ट्रेन, रेलवे की बड़ी सौगात
कानपुर से नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन की सौगात मिलने पर बीजेपी सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे मंत्री का आभार जताया है. बीजेपी सांसद ने कहा कि अब दिल्ली पहुंचना और आसान हो जाएगा.
कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. औद्योगिक नगरी कानपुर को आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के लिए सोमवार को एक और ट्रेन की सौगात मिल गई. खास बात यह है कि इस ट्रेन को आधुनिक एलएचबी कोचों से तैयार किया गया है. इस ट्रेन के 8 स्टॉपेज रखे गए हैं.
रेलवे मंत्री ने दी जानकारी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन नंबर 04195 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके बाद यह ट्रेन कानपुर से आनंद विहार के बीच नियमित रूप से संचालित होगी. रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन का नियमित नंबर 14153 और 14154 निर्धारित किया है. कानपुर से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन का नंबर 14153 होगा, जबकि आनंद विहार से कानपुर लौटने वाली ट्रेन 14154 नंबर से संचालित होगी.
कानपुर वालों को बड़ी सौगात
सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुरवासियों को कानपुर एक्सप्रेस मिलने पर बधाई दी है. इस दौरान सांसद समेत जनप्रतिनिधि इस ट्रेन से फफूंद तक गए हैं. रेल मंत्री का आभार जताया. नई ट्रेन की सौगात मिलने के बाद कानपुर वालों को दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा. रोजाना दिल्ली आ जा सकेंगे. दिल्ली से कानपुर तक की दूरी 430 किलोमीटर के आसपास है. इतनी दूरी तय करने में चार से पांच घंटे का सफर लगता है.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)