SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

PNB में बड़ा फर्जीवाड़ा: दिव्यांग बेटी के इलाज से लेकर मुआवजे के करोड़ों रुपये डकार गया बैंक, खाली मिले खाते

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में गुरुवार को भी लोगों की भीड़ जमा रही. सभी अपने रुपये के आने का इंतजार करते रहे. लोगों का कहना है कि जब तक उनके पैसे नहीं आएंगे, वह बैंक के बाहर ही बैठे रहेंगे.

Written By Pooja Singh
Published: Oct 29, 2026, 04:00 PM IST | Updated: Oct 29, 2026, 05:27 PM IST
Join

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा इन दिनों विवादों में है. करोड़ों रुपये के कथित फर्जीवाड़े की खबर फैलते ही गुरुवार को भी बैंक परिसर में खाताधारकों की भीड़ उमड़ पड़ी. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के मुआवजे की रकम जमा करने वाले कई किसान और स्थानीय निवासी जब अपना पैसा निकालने पहुंचे, तो उनके खातों से पैसे गायब मिले. इनमें एक व्यक्ति ऐसा भी है, जिसने अपनी दिव्यांग बेटी के इलाज के लिए एफडी करवाई थी, जिसका पैसा अब गायब है.

गुस्साए लोगों का कहना है कि जब तक उनकी पाई-पाई वापस नहीं मिलेगी, वे बैंक के बाहर ही डटे रहेंगे.

बच्ची के इलाज के पैसे भी सफाचट

जब ज़ी मीडिया की टीम मौके पर पहुंची तो संजय नाम के शख्स भी बैंक से पैसा निकालने के लिए आए हुए थे. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी दिव्यांग है, जिसका इलाज चल रहा है. उसके इलाज के लिए ढाई लाख रुपये डॉक्टर ने मांगे हैं. मैंने 2024 में नोएडा एयरपोर्ट से मुआवजा मिलने के बाद 12 लाख रुपये की एफडी करवाई थी, लेकिन आज जब बच्ची के इलाज के लिए रुपये की जरूरत पड़ी तो मेरे खाते में कुछ भी नहीं बचा है.

अब संजय काफी परेशान है. उनका कहना है कि अब वह किससे अपनी बेटी के इलाज के लिए पैसे मांगेंगे, क्योंकि यह एफडी उन्होंने केवल बेटी के इलाज के लिए ही कराई थी.

9 लाख जमा थे, उल्टा 46 हजार का कर्ज

वहीं, बिरोंडा के रहने वाले शमसुद्दीन ने ज़ी मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि मुआवजा मिलने के बाद रुपये बैंक में जमा किए थे और करीब नौ लाख रुपये जमा थे, जब आज निकालने आए तो बैंक वालों ने उल्टे 46 हजार रुपये हमपर ही बकाया बता दिया, जिसे उन्हें जमा करना होगा. जबकि, मेरे 9 लाख का कोई जवाब नहीं दिया, वह अकाउंट से गायब कर दिए.

यह भी पढ़िए: मेरठ जेल से बड़ा अपडेट: किलर क्वीन मुस्कान और रवीता ने नहीं रखा करवा चौथ, बच्चों के लिए रखेंगी ये खास व्रत

धर्म सिंह के पूरे डेढ़ करोड़ रुपये गायब

इसके अलावा धर्म सिंह नाम के खाताधारक के खाते से जेवर एयरपोर्ट मुआवजे के पूरे डेढ़ करोड़ रुपये गायब मिले. उन्होंने बताया कि जेवर एयरपोर्ट का डेढ़ करोड़ का मुआवजा मिला था, जब आज पैसे निकालने आए तो अकाउंट बिल्कुल खाली है और बैलेंस जीरो है. बैंक वालों ने कहा कि जल्दी ही आपके पैसे वापस मिल जाएंगे.

कुछ खाताधारकों को मिली राहत

फर्जीवाड़े की खबर जंगल की आग की तरह फैली, जिसके बाद शिल्पी नाम की एक महिला खाताधारक भी घबराई हुई बैंक पहुंचीं. हालांकि, जांच कराने के बाद उन्हें राहत मिली, क्योंकि उनकी 1.5 लाख रुपये की एफडी सुरक्षित थी. उन्होंने बताया कि हमने अपना अकाउंट चेक कराया. हमारी एक डेढ़ लाख रुपये की एफडी सुरक्षित है और खाते में पैसे हैं. बैंक में गड़बड़ी की खबर मिलने के बाद हम लोग काफी घबरा गए थे, लेकिन अब संतुष्ट हैं.

क्या है ये पूरा मामला?

दरअसल, ऐच्छर गांव के पंजाब नेशनल बैंक शाखा में कथित घोटाला हुआ है. गुरुवार तक करीब 30 खाता धारकों ने एफडी तोड़कर और बचत खाते से रकम में हेरफेर की शिकायत की है. इन 30 खाता धारकों की करीब 35 करोड़ रुपये हेरफेर किए जाने का खुलासा हुआ है. घोटाले का खुलासा होते ही खाता धारक अपने-अपने अकाउंट की जांच करने आ रहे हैं. 

कैसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक की ओर से 1 लाख रुपये से अधिक की निकासी के लिए 4-5 दिन पहले सूचना देने वाले संदिग्ध मैसेज और फोन कॉल मिलने पर जब खाताधारकों ने अपने खातों की जांच की, तो बचत और एफडी खातों से पैसे गायब मिले, जिसके बाद बुधवार को कई ग्राहक पासबुक लेकर बैंक पहुंचे और अपनी जमा रकम वापस पाने के लिए बैंक के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे. बैंक के मुख्य प्रबंधक राकेश निगम का कहना है कि यह गड़बड़ी कब शुरू हुई, इसकी सही जानकारी फिलहाल नहीं है. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. 

शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों पर एक्शन

वहीं, इस मामले में बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और शाखा में नए स्टाफ की तैनाती कर दी गई है. भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने गबन की रकम 130 से 150 करोड़ होने का आरोप लगाया है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. 

हालांकि, अब तक कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि हुई है. फिलहाल 18 खाता धारकों की एफडी तोड़कर धनराशि गबन करने का केस दर्ज पुलिस जांच कर रही है. बैंक की एंटी करप्शन टीम भी जांच में जुट गई है.

(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: शिक्षा विभाग का चला चाबुक: आगरा में 59 फर्जी स्कूलों पर एक-एक लाख का जुर्माना, बंद करने के भी आदेश

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES