अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी वंदे भारत ट्रेन: 604 KM का सफर होगा आसान, रामायण सर्किट को मिलेगी नई रफ्तार
रेलवे ने अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक वंदे भारत ट्रेन संचालन को मंजूरी दे दी है. पीएम मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.
रामनगरी अयोध्या और नेपाल के बीच धार्मिक रिश्तों को अब रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात मिलने जा रही है. भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुरधाम तक सीधी वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू होगी. 23 नवंबर को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर इसका भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा.
अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलेगी वंदे भारत ट्रेन
अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक वंदे भारत ट्रेन चलने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. 23 नवंबर को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंन शाह संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. दिल्ली के हैदराबाद हाउस से दोनों देशों के प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाकर उदघाटन करेंगे. कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री अयोध्या महापौर, व विधायक भी मौजूद रहेंगे.
उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज
इस रेल सेवा के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा. दोनों ही स्थल भगवान श्रीराम और माता जानकी से जुड़े होने के कारण विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं. नई ट्रेन सेवा से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का सफर आसान होगा. साथ ही भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी. उद्घाटन को लेकर रेलवे और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
604 KM का सफर होगा आसान
भारतीय रेलवे ने जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है. इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी. यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और स्टेशनों पर रुकेगी.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन के प्रमुख ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे. रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक दिन होगा. जनकपुर धाम से हर शनिवार ट्रेन चलेगी. वहीं, अयोध्या कैंट से हर सोमवार ट्रेन रवाना होगी. इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी. रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
भारत और नेपाल के रिश्तों को मिलेगी मजबूती
इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और परिवार से जुड़े कामों के लिए भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी फायदा होगा. भारत और नेपाल के बीच पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में भी इसे एक अहम कदम माना जा रहा है.
(अयोध्या से प्रवेश पांडेय और नोएडा से दीपेश कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; 'ये सभी भटके हुए लोग हैं...' संभल में साध्वी प्राची ने सपा को लिया आड़े हाथ, 2027 चुनाव को लेकर भी दिया बड़ा बयान