)
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शादी के ग्रैंड रिसेप्शन में पीएम मोदी शामिल हुए. राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए इस भव्य कार्यक्रम में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, तो पूरे समारोह की रौनक ही दोगुनी हो गई. समारोह स्थल पर पहुंचने पर संदीप सिंह और उनकी पत्नी ने बड़े ही सम्मान और प्यार के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने भी अपनेपन और मुस्कान के साथ दोनों नए जोड़ों को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं.

इस पूरे कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी का अंदाज किसी बड़े नेता या वीवीआईपी मेहमान जैसा नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य जैसा दिखा. 
उन्होंने समारोह में मौजूद परिवार के बाकी लोगों से बड़े प्यार से मुलाकात की और सबका हालचाल जाना.

परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों में पीएम मोदी के साथ तस्वीरें खिंचवाने का भी खास उत्साह दिखा. पीएम मोदी ने सभी के साथ फोटो क्लिक कराई.

रिसेप्शन के दौरान संदीप सिंह ने ब्लैक कलर को चुना था. उन्होंने ब्लैक कलर की शेरवानी पहनी थी और उसके साथ गोल्डन वर्क से काम किया हुआ दुपट्टा लिया था. उनकी दुल्हन मेघना चौधरी आइवरी कलर के लहंगे में नजर आईं. दोनों का ही लुक काफी सुंदर नजर आया.

वहीं, बात करें संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की, तो संदीप ने भी ब्लैक कलर का कुर्ता पहना था. उनकी पत्नी अंतरा त्यागी पैरेट ग्रीन कलर की साड़ी में नजर आईं. दोनों काफी सुंदर लग रहे थे.
वहीं, समारोह के बाद, मंत्री संदीप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर की है और प्रधानमंत्री का दिल से शुक्रिया अदा किया. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा- 'नई दिल्ली में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मेरे एवं अनुज सौरभ सिंह के विवाह के शुभ अवसर पर समारोह में पधारकर अपनी उपस्थिति से इस मांगलिक आयोजन की शोभा बढ़ाई और हम दोनों को अपना स्नेहिल आशीर्वाद एवं मंगलकामनाएं प्रदान की. प्रधानमंत्री जी का आत्मीय सान्निध्य एवं स्नेहाशीष हम सभी के लिए अनमोल धरोहर और जीवनपर्यंत स्मरणीय अनुभूति है. अपना बहुमूल्य समय प्रदान कर हमें स्नेहिल आशीर्वाद से अनुगृहीत करने हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री जी के प्रति मैं एवं मेरा समस्त परिवार हृदय से कृतज्ञ हैं.'