ओवैसी के 'शरिया' पर BJP का 'केसरिया' दांव, चंद्रशेखर के साथ आने से क्यों बढ़ी सियासी गर्मी?
ओवैसी-चंद्रशेखर के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर बीजेपी ने हमला तेज कर दिया है. असीम अरुण ने दोनों की तुलना जिन्ना-जोगेंद्रनाथ मंडल से की. दिनेश प्रताप सिंह और प्रकाश पाल ने भी सांप्रदायिकता और जाति की राजनीति के आरोप लगाए.
लखनऊ में संविधान दिवस पर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की साझा रैली के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है. दोनों नेताओं के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के ऐलान और चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की घोषणा के बाद बीजेपी ने इस नए सियासी समीकरण पर सीधा हमला बोला है. योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण से लेकर बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह और राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल तक ने ओवैसी-चंद्रशेखर की राजनीति को जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश बताया है. बीजेपी नेताओं के बयानों में एक बात साफ नजर आती है. पार्टी इस नए मोर्चे को सिर्फ दो दलों के गठबंधन के तौर पर नहीं देख रही.. इसे 2027 के चुनाव से पहले विपक्ष के वोट समीकरण को प्रभावित करने वाली राजनीतिक चुनौती के रूप में पेश कर रही है.
जिन्ना-जोगेंद्रनाथ मंडल की जोड़ी से की तुलना
योगी सरकार में मंत्री असीम अरुण ने ओवैसी और चंद्रशेखर पर सबसे तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ओवैसी की राजनीति धर्म पर आधारित है. चंद्रशेखर जाति की राजनीति करते हैं. दोनों नेता बाबा साहेब के संविधान की मूल भावना को नहीं समझ पाए हैं. असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबका साथ और सबका विकास के सिद्धांत पर काम करते हैं. असीम अरुण ने ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी की तुलना जिन्ना और जोगेंद्रनाथ मंडल से करते हुए आरोप लगाया कि इन नेताओं का मकसद जनता की सेवा नहीं.. जाति और धर्म के नाम पर देश को बांटना है. उन्होंने कहा कि जिन्ना और जोगेंद्रनाथ मंडल के दौर में पिछड़े समाज के लोगों को पाकिस्तान जाने के लिए प्रेरित किया गया था. बाद में वहां उन्हें जिल्लत की जिंदगी जीनी पड़ी. मंत्री ने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे नेताओं के बहकावे में नहीं आएगी और 2027 में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी.
'यूपी को शरिया नहीं, केसरिया पसंद है'
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने ओवैसी पर हमला करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने की कोशिश करने वाला नेता बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी देश में शरीयत लागू करना चाहते हैं. इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को 'शरिया' नहीं, 'केसरिया' पसंद है. दिनेश प्रताप सिंह ने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का अस्तित्व भगवान राम और भगवान कृष्ण से जुड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी को राम मंदिर पसंद नहीं है और प्रदेश की जनता ऐसे नेताओं को स्वीकार नहीं करेगी. बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ओवैसी को कड़ा जवाब देगी. यह हमला सिर्फ ओवैसी तक सीमित नहीं रहा. दिनेश प्रताप सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया. उन्होंने सपा के घोषणापत्र और पिछली सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए. उनका आरोप था कि अखिलेश यादव लैपटॉप वितरण योजना की उपलब्धियां गिनाते हैं. लेकिन 4.55 लाख पात्र युवाओं को लैपटॉप नहीं दिए गए. उन्होंने इस योजना के पैसे के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया.
प्रकाश पाल ने ओवैसी को बताया 21वीं सदी का जिन्ना
बीजेपी के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने भी ओवैसी और चंद्रशेखर पर हमला बोला. उन्होंने ओवैसी को 21वीं सदी का जिन्ना बताते हुए आरोप लगाया कि उनका मकसद सांप्रदायिकता फैलाना और देश के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना है. प्रकाश पाल ने ओवैसी पर बाबर, अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल शासकों का पक्ष लेने का आरोप भी लगाया. प्रकाश पाल ने सवाल उठाया कि ओवैसी को अचानक संविधान की चिंता क्यों होने लगी है. उन्होंने दावा किया कि ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेता समाज में कट्टरता फैलाने का काम कर रहे हैं. बीजेपी सांसद ने विदेशी ताकतों और विपक्षी दलों के बीच कथित संबंधों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता इन कथित साजिशों को समझ रही है और चुनाव में जवाब देगी.
बीजेपी के हमले के पीछे क्या है सियासी गणित?
इन बयानों को सिर्फ नेताओं की जुबानी जंग मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. ओवैसी और चंद्रशेखर ने जिस सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान किया है, उसका असर खास तौर पर उन सीटों पर चर्चा का विषय बन सकता है जहां मुस्लिम और दलित मतदाता चुनावी नतीजे तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं. ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पार्टी का आधार बढ़ाने की कोशिश करते रहे हैं. वहीं चंद्रशेखर आजाद की राजनीति दलित और वंचित वर्गों के मुद्दों के इर्द-गिर्द रही है. ऐसे में दोनों नेताओं का साथ आना सपा के PDA समीकरण के लिए भी चुनौती बन सकता है. बीजेपी इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए इस गठबंधन को जाति और धर्म की राजनीति बताकर घेर रही है.
अखिलेश के PDA और बीजेपी के लिए क्या है चुनौती?
ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सामाजिक आधार को एक साथ जोड़ने की है. दूसरी ओर सपा के सामने यह सवाल होगा कि मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच उसका प्रभाव कितना कायम रहता है. अगर नया मोर्चा इन वर्गों के एक हिस्से को अपनी ओर खींचता है तो उसका असर सपा के चुनावी समीकरण पर पड़ सकता है. बीजेपी नेताओं के तीखे बयानों ने साफ कर दिया है कि ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को पार्टी हल्के में लेने के मूड में नहीं है.