अखिलेश को न 'अली' मिलेंगे न ही 'बजरंगबली: ओमप्रकाश राजभर का बड़ा दावा
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों पर हमला बोला है. अंबेडकरनगर पहुंचने पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव न तो राम के हैं, न शंकर के और न ही कृष्ण के...
यूपी की सियासत में बयानबाजी का दौर लगातार जारी है. अंबेडकरनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी, बसपा, कांग्रेस और मुस्लिम धर्मगुरुओं पर एक साथ जमकर निशाना साधा है. राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे न तो राम के हैं, न शंकर के और न ही कृष्ण के.
अखिलेश यादव पर तीखा हमला
अंबेडकरनगर में पत्रकारों से बातचीत में सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि 'सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली', और दावा किया कि दुविधा में उन्हें न तो 'अली' मिलेंगे और न ही 'बजरंगबली'. अयोध्या गोलीकांड पर सपा नेताओं के बयान को लेकर राजभर ने उन्हें मुलायम सिंह यादव और रामगोपाल यादव के पुराने संसदीय और विधानसभा रिकॉर्ड देखने की नसीहत दी.
'शिवपाल और आजम दगे कारतूत'
इतना ही नहीं, शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात पर तंज कसते हुए राजभर ने दोनों नेताओं को 'दगा हुआ कारतूस' करार दिया. वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एक साथ आने पर राजभर ने इसे सपा और बसपा के लिए 'जहर' बताया. पीडीए के जवाब में बने पीडीएम (पिछड़ा, दलित, मुसलमान) मोर्चे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इसमें सिख, ईसाई, जैन और पारसी जैसे अन्य अल्पसंख्यक समाज के लोगों को नजरअंदाज किया गया है.
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार
इस दौरान राजभर ने एक के बाद एक कई सियासी तीर छोड़े. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली वाले बयान पर मंत्री रघुराज सिंह का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि खड़गे पर उम्र का असर हो गया है, इसलिए वे दीपावली को ईद बता रहे हैं. वहीं, रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) को लेकर दिए गए विवादित बयान पर राजभर ने इसे उनका व्यक्तिगत मामला बताते हुए पल्ला झाड़ लिया.
मुस्लिम धर्मगुरुओं पर भी निशाना साधा
राजभर ने एएमयू बयान पर नाराजगी जताने वाले मौलाना शहाबुद्दीन समेत अन्य धर्मगुरुओं पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मौलानाओं के चश्मे में सिर्फ अखिलेश यादव, सोनिया गांधी और मायावती ही सबसे 'मजलूम' नजर आते हैं. राजभर ने नसीहत दी कि फतवा जारी करने के बजाय मौलानाओं को पैगंबर मोहम्मद साहब के आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बात करनी चाहिए.
पीडीए के बदलते मायने पर कसा तंज
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए (PDA) के बदलते मायनों पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि वे एक्सप्रेसवे और फोरलेन से उतरकर अब सिंगल सड़क पर छटपटा रहे हैं. राजभर ने कहा कि वे बार-बार इसकी परिभाषा बदल रहे हैं और अब इसका नया मतलब 'पहले दर्शन, उसके बाद आशीर्वाद' हो गया है. राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव एक्सप्रेसवे से उतरकर फोरलेन और फिर सिंगल सड़क पर आकर छटपटा रहे हैं.
बाराबंकी की घटना का जिक्र
बाराबंकी में एक पासी समाज के व्यक्ति के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं और सरकार ने तो कार्रवाई कर दी है, लेकिन शिवपाल यादव के दावों के बावजूद पार्टी की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया है. उन्होंने अखिलेश यादव को नसीहत दी कि वे जागें और अपने कार्यकर्ताओं को समझायें.
(अंबेडकरनगर से अनूप प्रताप सिंह की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : दलित-मुस्लिम समीकरण पर बहुत बड़ा दांव: क्या ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी हिला पाएगी बीजेपी और सपा का किला?