App

बीजेपी विधायक का निर्वाचन रद्द, तो क्या उपविजेता को मिलेगा फायदा? सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के नजरिए से समझें बारीकियां

नहटौर से BJP विधायक ओम कुमार का चुनाव रद्द होने के बाद उनकी सदस्यता, 15 दिन की अंतरिम राहत और अपील के विकल्प पर सवाल उठ रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक जैन ने पूरे मामले के कानूनी पहलुओं को समझाया.

बीजेपी विधायक का निर्वाचन रद्द, तो क्या उपविजेता को मिलेगा फायदा? सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के नजरिए से समझें बारीकियां
Image Credit: Nehtaur Election (AI Generated Image)

उत्तर प्रदेश की नहटौर विधानसभा सीट से BJP विधायक ओम कुमार का चुनाव रद्द होने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या ओम कुमार की सदस्यता पूरी तरह खत्म हो जाएगी? उन्हें 15 दिन की अंतरिम राहत देने का क्या मतलब है? क्या वे अपील करके अपनी विधायकी बचा सकते हैं? और सबसे बड़ा सवाल, जब उनका चुनाव रद्द हो गया तो दूसरे नंबर पर रहे RLD प्रत्याशी मुंशी राम क्या अपने ​आप विधायक मान लिए जाएंगे? इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक जैन ने एक-एक कानूनी पहलू को स्पष्ट किया है.

इस मामले में विवाद की मुख्य वजह ओम कुमार के चुनावी हलफनामे यानी Form 26 में पाई गई गंभीर खामी रही. कोर्ट के मुताबिक, हलफनामे में मौजूद कमी ऐसी थी, जिसे गंभीर प्रकृति का दोष माना जाना चाहिए था. जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 36(2) और 36(4) के तहत ऐसी स्थिति में उम्मीदवार का नामांकन खारिज किया जाना जरूरी था. इसके बावजूद ओम कुमार का नामांकन स्वीकार कर लिया गया. कोर्ट ने माना कि उनका नामांकन गलत तरीके से स्वीकार हुआ और इससे चुनाव का नतीजा प्रभावित हुआ.

इसी आधार पर जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 100(1)(d)(i) के तहत ओम कुमार का निर्वाचन रद्द किया गया. हालांकि, मुंशी राम को विधायक घोषित नहीं किया गया. कोर्ट ने VVPAT की गिनती में गड़बड़ी से जुड़े आरोपों को सबूतों के अभाव में खारिज कर दिया. वहीं, मुंशी राम यह साबित नहीं कर सके कि उन्हें वैध वोटों का बहुमत मिला था या ओम कुमार को मिले वोट हटाने पर वह चुनाव जीत जाते.

कोर्ट ने ओम कुमार को 15 दिनों की अंतरिम राहत भी दी है. इस अवधि में वे अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं और सदन की बहस में हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन विधानसभा या किसी समिति में मतदान नहीं कर सकेंगे. उन्हें इस दौरान कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा. ओम कुमार के पास जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 116A के तहत 30 दिनों के भीतर अपील करने और फैसले पर रोक मांगने का विकल्प है.

अब इस पूरे मामले में कई सवाल उठ रहे हैं. मसलन, चुनाव रद्द होने के बाद भी दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी को विधायक क्यों नहीं बनाया गया? ओम कुमार के पहले किए गए कामों का क्या होगा? क्या वे अपील के जरिए अपनी सदस्यता बचा सकते हैं? आइए, समझते हैं इन सवालों के जवाब. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक जैन ने एक-एक पहलू को स्पष्ट कर दिया.

अधिवक्ता दीपक जैन से समझिए पूरा कानूनी मामला...

सवाल- चुनाव रद्द करने का कानूनी आधार क्या है?

जवाब- अधिवक्ता दीपक जैन के मुताबिक, इस मामले में चुनाव रद्द करने का आधार जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 100(1)(d)(i) है. इस प्रावधान के तहत अगर निर्वाचित उम्मीदवार का नामांकन गलत तरीके से स्वीकार किया गया हो, तो हाईकोर्ट उसका चुनाव रद्द कर सकता है.

हालांकि, कोर्ट ने ओम कुमार को 15 दिनों की अंतरिम राहत दी है. इस दौरान वे विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं और सदन की बहस में हिस्सा ले सकते हैं. लेकिन वे विधानसभा या किसी समिति में मतदान नहीं कर पाएंगे और उन्हें कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा. ओम कुमार जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 116A के तहत 30 दिनों के भीतर अपील कर फैसले पर रोक लगाने की मांग कर सकते हैं.

सवाल- विधायक रहते हुए ओम कुमार ने जो काम किए, उनका क्या होगा?

जवाब- दीपक जैन बताते हैं कि चुनाव रद्द होने का यह मतलब नहीं है कि विधायक रहते हुए ओम कुमार ने अब तक जो भी काम किए हैं, वे सभी अपने आप अमान्य हो जाएंगे. जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 107(2) के तहत कोर्ट का आदेश आने से पहले उनके द्वारा की गई कार्रवाई और कार्यवाही सुरक्षित रहती है. इसके अलावा, संविधान का अनुच्छेद 189(2) भी विधानसभा की कार्यवाही को संरक्षण देता है.

सवाल- विधानसभा में ओम कुमार की ओर से पहले पूछे गए सवालों का क्या होगा?

जवाब- अधिवक्ता दीपक जैन के अनुसार, विधानसभा में ओम कुमार की ओर से पहले पूछे गए सवाल रिकॉर्ड में बने रहेंगे. चुनाव रद्द होने से पुरानी कार्यवाही खत्म नहीं होती. हालांकि, सदस्यता समाप्त होने के बाद उनके जो नोटिस लंबित हैं, वे समाप्त हो जाएंगे.

सवाल- ओम कुमार की मंजूरी वाली समितियों और उनके हस्ताक्षर वाली फाइलों का क्या होगा?

जवाब- दीपक जैन के मुताबिक, केवल चुनाव रद्द होने से समितियों की मंजूरी या ओम कुमार के हस्ताक्षर वाली फाइलें अपने आप अमान्य नहीं हो जाएंगी. किसी फैसले या मंजूरी को रद्द करने के लिए अलग से कानूनी आधार साबित करना होगा. उदाहरण के तौर पर, यह दिखाना होगा कि फैसला दुर्भावना या धोखाधड़ी से लिया गया था. या फिर यह साबित करना होगा कि उस फैसले को कानूनी मंजूरी देने का एकमात्र आधार ओम कुमार के हस्ताक्षर थे.

सवाल- क्या दूसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवार को विधायक घोषित किया जा सकता है?

जवाब- अधिवक्ता दीपक जैन बताते हैं कि चुनाव रद्द होने के बाद दूसरे नंबर पर रहे उम्मीदवार को अपने आप विधायक घोषित नहीं किया जा सकता. नहटौर मामले में भी हाईकोर्ट ने RLD प्रत्याशी मुंशी राम को विधायक घोषित नहीं किया, क्योंकि ऐसा कोई भरोसेमंद सबूत नहीं मिला कि ओम कुमार को मिले वोट मुंशी राम को मिल सकते थे.

इसका कानूनी आधार जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 101 है. इसके तहत दूसरे उम्मीदवार को विजेता घोषित करने के लिए दो में से किसी एक बात को साबित करना जरूरी है.

पहली, यह साबित हो कि याचिकाकर्ता को वास्तव में वैध वोटों का बहुमत मिला था. दूसरी, यह साबित करना होगा कि निर्वाचित उम्मीदवार ने भ्रष्ट आचरण के जरिए वोट हासिल किए और अगर उन वोटों को हटा दिया जाता, तो याचिकाकर्ता को बहुमत मिल जाता.

दीपक जैन के मुताबिक, इसी कानूनी सिद्धांत का संबंध 1969 के Vishwanatha Reddy बनाम Konappa Rudrappa Nadgouda मामले से भी है. इसलिए सिर्फ उपविजेता होने के आधार पर किसी उम्मीदवार को विधायक घोषित नहीं किया जा सकता.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More