)
नोएडा (गौतमबुद्धनगर): 9 अक्टूबर 2026 को नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर जाम से बचने के लिए कई रूटों पर डायवर्जन लागू किया गया है.ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
इन प्रमुख मार्गों पर बदला रहेगा यातायात
एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से गढ़ी चौखंडी/गढ़शा चौराहे की तरफ डायवर्ट कर भेजा जाएगा.
कालिंदी कुंज रूट
कालिंदी कुंज से दिल्ली जाने वाले वाहन सेक्टर-37, अट्टा पीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहन
दलित प्रेरणा स्थल के पास ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर महामाया फ्लाईओवर से वाहनों को सेक्टर-37 की ओर मोड़ा जाएगा.
फिल्मसिटी व डीएनडी रूट
प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-4 और 5 पर दबाव अधिक होने पर वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर डाइवर्ट किया जाएगा.
पार्किंग की गई तय, हेल्पलाइन नंबर जारी
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग के कड़े इंतजाम किए हैं
फिल्मसिटी स्थित मल्टीलेवल पार्किंग
दलित प्रेरणा स्थल का अंडरग्राउंड पार्किंग एरिया
सेक्टर-38ए के पास बने निर्धारित पार्किंग स्थल
आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता
यातायात पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर पास कराया जाएगा.वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और वैकल्पिक मार्गों का चयन करने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.
बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आज लखनऊ में पार्टी बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है. इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है. बहुजन समाज पार्टी ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से ‘लखनऊ चलो’ की अपील की थी. पार्टी प्रमुख मायावती ने कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की. कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम को BSP के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.