बीजेपी को रोकने के लिए गठबंधन को तैयार: नगीना सांसद का बड़ा बयान
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विटंल की जाए. उन्होंने वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग की.
बिजनौर के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद बागपत पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्ष के गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए वह गठबंधन का हिस्सा बनने को तैयार हैं. किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई. साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग भी की.
यूपी में खुलेआम हत्याएं हो रहीं
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार में उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में पिछड़ापन है. हाईवे पर बने टोल गरीबों की जेब पर बोझ डाल रहे हैं. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है.
जयंत चौधरी को लेकर क्या कहा?
उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के मुद्दों को लेकर भी उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी. रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को लेकर नगीना सांसद ने कहा कि यदि जयंत चौधरी थोड़ी समझदारी दिखाते तो बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाता. पंचायत चुनाव को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद पंचायत चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की सरकार डंडे के दम पर चल रही है.
बीजेपी सरकार की नीतियां किसान, मजदूर विरोधी
बता दें कि नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद बागपत के टीकरी कस्बे में पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे. वहां परिजनों से मुलाकात की. पार्टी कार्यकर्ता विकास कुमार का 17 अक्टूबर को हार्ट अटैक से निधन हो गया था. मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद उनके आवास पर पहुंचे. नगीना सांसद ने कहा कि सरकार की नीतियों किसान, मजदूर और युवाओं के खिलाफ रही हैं. बेरोजगारी बढ़ रही है. किसान परेशान हैं, उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है.
स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान
वहीं, रायबरेली पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान सामने आया है. स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत मोदी सरकार से बेहतर थी. उन्होंने बेरोजगारी, निजीकरण, आरक्षण और भ्रष्टाचार को लेकर डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपशब्द कहा. स्वामी प्रसाद मौर्य ने धीरेंद्र शास्त्री को लंपट बताया. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा कट्टर हिंदुत्व की राजनीति करती है तो अखिलेश सॉफ्ट हिंदुत्व खेलते हैं.
(बागपत से कुलदीप चौहान की रिपोर्ट)