)
पारस गोयल/मेरठ: दीपावली के मौके पर मेरठ जिला कारागार में भी उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं. जेल की महिला बैरक में रंगोली प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इस बार चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान और उसकी साथी बंदी रविता भी रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी.
दीपावली को लेकर मेरठ जिला कारागार में भी खास तैयारियां चल रही हैं. जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला कारागार मेरठ में दीपावली का उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. बंदियों में इस पर्व को लेकर काफी उत्साह रहता है.
जेल अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली पर सत्य की विजय के आदर्श को मानते हुए सभी बंदी अपने-अपने हिसाब से पूजा करते हैं. विशेष रूप से महिला बैरक में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिनमें रंगोली प्रतियोगिता सबसे प्रसिद्ध है.महिलाएं कई दिन से इसकी तैयारी कर रही हैं.
मेरठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जो भी बंदी दीपदान करना चाहता है, उसे कारागार प्रशासन की तरफ से निःशुल्क दीये और मोमबत्तियां उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके अलावा जेल में निर्मित दिए और मोमबत्तियां आउटलेट पर बिक्री के लिए भी रखी जा रही हैं, ताकि महिलाओं के परिश्रम का फल उन्हें मिल सके.
मेरठ के चर्चित 'नीला ड्रम हत्याकांड' की आरोपी मुस्कान और उसकी साथी बंदी रविता भी जेल में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं. दोनों ने रंगोली के लिए जरूरी रंग और अन्य सामग्री जेल प्रशासन से ले ली है. जेल अधीक्षक ने बताया कि दोनों ने इसके लिए रंग, सामान और सामग्री ले ली है.
महिला बैरक में लगभग 40 महिलाओं ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है, बुजुर्ग महिलाओं को छोड़कर सभी भाग ले रही हैं। कुछ महिलाएं अकेले छोटी-छोटी रंगोली बनाएंगी, तो कुछ 4-5 की टीम बनाकर बड़ी रंगोली बनाएंगी। मुस्कान और रविता भी इसी तरह अपनी रंगोली बनाएंगी और दीपावली पर जलने वाले दीयों, मोमबत्तियों और सजावट की अन्य चीजें बनाने में भी सहयोग कर रही हैं. कारागार की सजावट इस उत्सव पर देखने लायक होती है.