मथुरा में जीजा का शाही अंदाज, सालों को पहनाई 2 करोड़ के नोटों की माला; घुड़चढ़ी में मचा धमाल
मथुरा में एक अनोखी घुड़चढ़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां जीजा ने अपने दो सालों को ऐसा तोहफा दिया कि देखने वाले भी हैरान रह गए. दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाई गई.
कन्हैया लाल शर्मा/मथुरा: शादियों के सीजन में आपने दूल्हे को फूलों और नोटों की माला पहने तो खूब देखा होगा, लेकिन सुरीर के गांव नगला फोंदा में शनिवार को हुई एक घुड़चढ़ी चर्चा का विषय बन गई.यहां जीजा ने अपने सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि देखने वाले भी हैरान रह गए. दूल्हा बने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी बहुत बड़ी माला पहनाई गई. करीब 100 फीट लंबी इन मालाओं को पहनाने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी. इस शाही घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
दोनों सालों को दिया करोड़ों का तोहफा
जानकारी के अनुसार, गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी. दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है. घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने दोनों सालों को यादगार तोहफा देने का फैसला किया.
100 फीट लंबी माला बनी आकर्षण
जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई. हर माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है. माला इतनी विशाल और भारी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी. छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं. इस दौरान घुड़चढ़ी में शामिल रिश्तेदार और ग्रामीण इस नजारे को देखते रह गए.
आम रस्म से अलग दिखा जीजा का अंदाज
शादी समारोह में आमतौर पर घुड़चढ़ी के दौरान सालों से शगुन लेने की रस्म निभाई जाती है, लेकिन नगला फोंदा में नजारा बिल्कुल उलट था. यहां जीजा ने ही अपने सालों पर करोड़ों रुपये का तोहफा लुटाकर समारोह को यादगार बना दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. अब घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इलाके में जीजा के इस अनोखे अंदाज की चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं.