)
यूपी के महराजगंज जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां निचलौल थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की. दावा है कि इस आत्मघाती कदम से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया. इस नोट में थाना प्रभारी समेत सात लोगों पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं. हैरानी की बात ये है कि आरोपों के घेरे में पांच पुलिसकर्मियों के शामिल होने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि दीपावली की रात पटाखों को लेकर हुए विवाद के बाद विशाल सिंह ने ये कदम उठाया. फिलहाल उनका महराजगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
दरअसल, यह पूरा मामला महराजगंज जिले के निचलौल थाना का है, जहां पर पुलिस विभाग के भीतर से उठे गंभीर आरोपों ने पूरे महकमे में खलबली मचा दी है. निचलौल थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की. जहरीला पदार्थ खाने से पहले विशाल सिंह ने एक सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया. व्हाट्सएप स्टेटस पर यह पत्र देखकर साथी पुलिसकर्मी सकते में आ गए. आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर महराजगंज के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.
अब इस पूरे मामले की सबसे गंभीर कड़ी है विशाल सिंह का कथित सुसाइड नोट. व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाए गए पत्र में उन्होंने निचलौल थाना प्रभारी योगेन्द्र राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. विशाल सिंह का आरोप है कि पकड़े गए पटाखों में से कुछ पटाखे निकाल लिए गए, जबकि बाकी पटाखों में से करीब 40 फीसदी पटाखे कथित तौर पर दबाव बनाकर आरोपी कौमेन अली को दिलवा दिए गए. पत्र में इस काम में कारखास आनंद सिंह की भूमिका का भी जिक्र किया गया है. यही नहीं विशाल सिंह ने दावा किया है कि इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो मुंशी विशाल शर्मा ने अपने मोबाइल में बनाया था.
विशाल सिंह ने अपने पत्र में आगे आरोप लगाया है कि पटाखों के बंटवारे के बाद उन्हें ही चोर घोषित कर अपमानित किया गया. उनका कहना है कि इस कथित बेइज्जती से वह मानसिक रूप से बेहद आहत थे. पत्र में थाना प्रभारी योगेन्द्र राय, सिपाही मनीष सिंह, आनंद सिंह के अलावा विधायक प्रेम सागर पटेल, विशाल यादव, भोलू यादव और आलोक शर्मा के नाम लिखे गए हैं. कुल सात लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल सुसाइड नोट में किए गए दावों पर आधारित हैं. इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित लोगों का पक्ष सामने आना बाकी है.
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. एक तरफ हेड मुहर्रिर विशाल सिंह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाए गए पत्र ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल इस मामले में उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और पुलिस महकमा बचता हुए नजर आ रहा है.
(महाराजगंज से अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट)