हत्या या आत्महत्या? शिवा हत्याकांड में डमी टेस्ट से मिले नए सुराग, श्रद्धा दुबे की बढ़ेंगी मुश्किलें
लखनऊ के कारोबारी शिवा हत्याकांड में सीन रिक्रिएशन के दौरान डमी टेस्ट में अंतर सामने आया है. फोरेंसिक टीम रिपोर्ट को विवेचना में शामिल करेगी.
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा हत्याकांड में जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है. जेल में बंद आरोपी श्रद्धा दुबे की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि फोरेंसिक टीम के सीन रिक्रिएशन में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो अब तक के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मेल नहीं खा रहे. फोरेंसिक टीम ने हत्या और आत्महत्या, दोनों परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीन रिक्रिएशन किया था.
सीन रिक्रिएशन में क्या हुआ?
फोरेंसिक टीम ने मामले की सच्चाई जानने के लिए घटनास्थल पर हत्या और आत्महत्यादोनों एंगल से सीन रिक्रिएशन किया था. इसके लिए डमी का इस्तेमाल किया गया. हत्या की स्थिति मानकर जब डमी को फेंका गया, तो वह लगभग उसी जगह के आसपास गिरी, जहां शिवा का शव मिला था.
हत्या और आत्महत्या की स्थिति में सामने आया अंतर
सुसाइड की स्थिति मानकर जब डमी फेंकी गई, तो वह उस जगह से काफी दूर जाकर गिरी.दोनों परिस्थितियों में डमी के गिरने की जगह में साफ अंतर सामने आया है. अब टीम दोनों जगहों का बारीकी से विश्लेषण कर रही है कि शिवा किस स्थिति में और किस तरह गिरे थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाया शक
जांच में शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी अहम कड़ी बन गई है. रिपोर्ट के अनुसार शरीर पर आई करीब 90 फीसदी चोटें पिछले हिस्से में थीं. फोरेंसिक टीम अब सीन रिक्रिएशन के निष्कर्षों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आरोपियों के बयान और गवाहों के बयान से मिलान कर रही है.
अब आगे क्या होगा?
फोरेंसिक टीम अपनी पूरी रिपोर्ट तैयार करके विवेचना में शामिल करेगी. इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस घटनाक्रम की आगे की जांच करेगी. माना जा रहा है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद इस केस को नई दिशा मिल सकती है और श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपियों पर शिकंजा और कस सकता है.