)
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा रहा है. इसके कारण तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश से बाढ़ का डर बना हुआ है. तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी होने के बाद अब लोगों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस तूफान का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा?. आईआईटी कानपुर के अर्थ साइंसेज विभाग के प्रोफेसर जावेद एन. मलिक ने इसके संभावित नुकसान पर जानकारी दी है.
प्रोफेसर जावेद एन. मलिक ने बताया कि आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 215 से 220 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास आंकी गई थी, लेकिन जमीन से टकराने के बाद जैसे-जैसे तूफान आगे बढ़ता है इसकी ताकत कम होने लगती है. यह तूफान अब रायपुर की तरफ बढ़ रहा है और वहां पहुंचते-पहुंचते हवा की रफ्तार घटकर लगभग 45 किलोमीटर प्रति घंटा ही रह जाएगी. इसके बाद उत्तर प्रदेश पहुंचते-पहुंचते हवाएं और भी शांत हो जाएंगी.
आमतौर पर लोग सोचते हैं कि नदियों वाले मैदानी इलाकों में तूफानों का असर ज्यादा होता है, लेकिन प्रोफेसर मलिक ने बताया कि यूपी की नदियों पर इसका कोई खतरनाक असर नहीं होगा. तूफान अपने साथ बादल और नमी लेकर आ रहा है इसलिए यूपी के कई हिस्सों में बारिश जरूर देखने को मिलेगी. हालांकि यह बारिश बहुत ज्यादा तेज नहीं होगी और न ही इससे नदियों का पानी अचानक बढ़ने का कोई खतरा है.
मौसम के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अक्टूबर के महीने में जमीन पर हवा का दबाव कम और तापमान ज्यादा रहता है, जबकि समुद्र में हवा का दबाव ज्यादा और तापमान कम होता है. तापमान, हवा के इस दबाव और पृथ्वी की घूमने की गति की वजह से ही इस मौसम में ऐसे चक्रवात बनते हैं. साल 1999 में आया ओडिशा का सुपर साइक्लोन 250 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाला था, जबकि यह काफी कम तीव्रता वाला तूफान है. विशाखापट्टनम और रायपुर से आगे बढ़ते-बढ़ते इसकी हवाएं धीमी पड़ जाएंगी और यूपी में बस हल्की से मध्यम बारिश और सामान्य हवाएं ही चलेंगी.
यूपी में कहां दिखेगा असर?
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम पूर्वानुमान विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब दक्षिण भारत के तटीय इलाकों से आगे बढ़ते हुए अब उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रह सकता है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 29 और 30 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय और लखनऊ से नंदन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)