App

रवींद्र जडेजा अब नंबर-1 ऑलराउंडर नहीं: टेस्ट में 4 साल बाद खत्म हुआ वर्चस्व, टॉप पर पहुंचा खूंखार गेंदबाज

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को बड़ा झटका लगा है. अब वह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर नहीं हैं. उनकी जगह साउथ अफ्रीका के मार्को यानसेन ने ले ली है. यानसेन इसके अलावा एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

रवींद्र जडेजा अब नंबर-1 ऑलराउंडर नहीं: टेस्ट में 4 साल बाद खत्म हुआ वर्चस्व, टॉप पर पहुंचा खूंखार गेंदबाज
Image Credit: रवींद्र जडेजा. BCCI

न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने वाले दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को बड़ा झटका लगा है. वह टेस्ट में ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में अब पहले स्थान पर नहीं हैं. उन्हें साउथ अफ्रीका के मार्को यानसेन ने शीर्ष से हटा दिया है. जडेजा ने चार साल से अधिक समय के बाद पहला स्थान गंवाया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पहला स्थान हासिल कर लिया. यानसेन इसके अलावा गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में भी पहले नंबर पर पहुंच गए हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार (28 अक्टूबर) को ताजा रैंकिंग जारी की. यानसेन पहली बार एक साथ गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचे हैं. गकेबराह में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने 85 रन बनाने के अलावा 5 विकेट भी अपने नाम किया था. उनके ऑलराउंड खेल की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 1970 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दिया और टेस्ट को पारी के अंतर से जीत लिया.

यानसेन के खाते में कितने रेटिंग प्वाइंट?

यानसेन के ऑलराउंडर्स रैंकिंग में 451 रेटिंग प्वाइंट हो गए हैं. जडेजा 422 रेटिंग प्वाइंट के साथ दूसरे और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज 310 रेटिंग प्वाइंट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं. गेंदबाजों की रैंकिंग की बात करें तो यानसेन 876 रेटिंग प्वाइंट के साथ नंबर-1 बॉलर हैं. ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दूसरे, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे, इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन चौथे और भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर हैं. टॉप-10 में भारत के एक ही गेंदबाज बुमराह हैं.

टी20 में अभिषेक नंबर-1

टेस्ट के साथ-साथ आईसीसी ने टी20 में बल्लेबाजों की रैंकिंग भी जारी की. इसमें अभिषेक शर्मा को फायदा हुआ. वेलिंगटन में 38 गेंद पर 113 रन बनाने के बाद वह सीधे पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने हमवतन ईशान किशन को नीचे कर दिया. किशन तीसरे स्थान पर खिसक गए. पाकिस्तान के साहिबाजादा फरहान श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में तीन अर्धशतक लगाने के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए.

बावुमा ने लगाई छलांग

साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने गकेबराह टेस्ट में शतक लगाने के बाद रैंकिंग में लंबी छलांग मारी है. वह चार पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने दूसरे टेस्ट में 179 रनों की पारी खेली थी. ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव स्मिथ को रैंकिंग में नुकसान हुआ है. स्मिथ तीन स्थान नीचे पांचवें नंबर पर आ गए. टॉप-10 में भारत के दो बल्लेबाज अभी भी हैं. ऋषभ पंत सातवें और कप्तान शुभमन गिल नौवें स्थान पर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More