कबीर की धरती पर तिरुवल्लुवर की गूंज, काशी तमिल संगमम से भाषाओं के बीच बनेगा नया सेतु
काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर केंद्रित रहेगा. सवाल यह है कि क्या सांस्कृतिक संवाद, भाषा-शिक्षण और शैक्षणिक आदान-प्रदान की यह पहल विश्वविद्यालयों में स्थायी जगह बना पाएगी?
शनिवार से काशी के घाटों पर तमिल साहित्य की एक नई पाठशाला सजने जा रही है. 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में तमिलनाडु से करीब 1,400 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन इसका उद्घाटन करेंगे. इस बार आयोजन का केंद्र है तमिल साहित्य का कालजयी ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ और इसका विषय है ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’, यानी आइए, तिरुक्कुरल सीखें. खास बात यह है कि इस आयोजन के माध्यम से देश के करीब 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस प्राचीन साहित्य से जोड़ने की तैयारी है.
नवंबर की सर्द सुबह में गंगा के घाटों पर उतरती धूप और केदार घाट की गलियों में सुनाई देती तमिल भाषा की आवाज एक ऐसे भारत की तस्वीर पेश करती है, जहां हजारों किलोमीटर की दूरी सांस्कृतिक रिश्तों को कमजोर नहीं कर पाती. कावेरी के किनारे विकसित तमिल सभ्यता और गंगा के तट पर बसी काशी के बीच सदियों से आस्था, साहित्य, दर्शन और ज्ञान का रिश्ता रहा है. काशी तमिल संगमम इसी रिश्ते को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है.
काशी और तमिलनाडु का सदियों पुराना रिश्ता
इस संबंध की जड़ें इतिहास में काफी गहरी हैं. तमिल संत और विद्वान कुमारगुरुपरर काशी आए और यहां केदार घाट पर केदारेश्वर मंदिर की स्थापना से जुड़े. इसी क्षेत्र में कुमारस्वामी मठ और मार्कंडेय आश्रम भी स्थित हैं. आज भी केदार घाट और हनुमान घाट के आसपास तमिल समुदाय की मौजूदगी इस ऐतिहासिक जुड़ाव की याद दिलाती है.
उन्नीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में तमिलनाडु से आए एक किशोर ने भी काशी में अपने व्यक्तित्व को नई दिशा दी. वर्ष 1897 के आसपास बनारस पहुंचे सुब्रमण्यम भारती ने यहां अपनी मौसी के परिवार के साथ रहते हुए संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी का अध्ययन किया. आगे चलकर यही किशोर महाकवि सुब्रमण्यम भारती के नाम से प्रसिद्ध हुआ. उनकी कविताओं में स्वतंत्रता, सामाजिक समानता और महिला मुक्ति की आवाज सुनाई दी. काशी के साथ उनका जुड़ाव आज भी तमिल साहित्य और भारतीय राष्ट्रीय चेतना के साझा इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है. पांचवें संगमम में भारती से जुड़े स्थानों, केदार घाट और काशी मठ को जोड़कर विशेष तमिल विरासत परिपथ तैयार किया गया है. इससे आयोजन में शामिल प्रतिनिधियों को दोनों क्षेत्रों के ऐतिहासिक रिश्तों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा.
क्यों खास है ये आयोजन
काशी तमिल संगमम की शुरुआत वर्ष 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान हुई थी. पहले संस्करण में तमिलनाडु से 2,500 से अधिक लोग वाराणसी पहुंचे. इनमें शिक्षक, विद्यार्थी, किसान, कारीगर, साहित्यकार और विभिन्न पेशों से जुड़े लोग शामिल थे. उन्हें काशी और आसपास के क्षेत्रों में अपने समान पेशे और रुचि वाले लोगों से मिलने का अवसर मिला. दिसंबर 2023 में आयोजित दूसरे संस्करण में तकनीक ने भाषाई संवाद को नया आयाम दिया. प्रधानमंत्री के उद्घाटन भाषण का ऐप के माध्यम से तत्काल तमिल अनुवाद किया गया. इससे अलग-अलग भाषाओं के लोगों के बीच संवाद आसान हुआ.
फरवरी 2025 में तीसरे संस्करण का केंद्र ऋषि अगस्त्य और भारतीय ज्ञान परंपरा रही. इस दौरान करीब 1,200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आयोजन में लगभग दो लाख आगंतुक जुड़े. दिसंबर 2025 में चौथे संस्करण का विषय था ‘तमिल करकलाम’, यानी आइए तमिल सीखें. इसके तहत वाराणसी के 50 स्कूलों में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को तमिल की शुरुआती शिक्षा दी गई.
काशी के 300 कॉलेज विद्यार्थियों के लिए तमिलनाडु में अध्ययन यात्राएं आयोजित हुईं. इसी संस्करण में प्राचीन तमिल ग्रंथ ‘तोल्काप्पियम’ के चार भारतीय और छह विदेशी भाषाओं में अनुवाद जारी किए गए. इन चार संस्करणों की यात्रा बताती है कि संगमम का दायरा लगातार बढ़ा है. सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आपसी मुलाकातों के साथ अब भाषा सीखने, साहित्य के अनुवाद और शैक्षणिक आदान-प्रदान पर भी ध्यान दिया जा रहा है.
आज के दौर में तिरुवल्लुवर की प्रासंगिकता
पांचवें संस्करण में तिरुक्कुरल को केंद्र में रखने का अपना महत्व है. संत तिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस ग्रंथ में 1,330 दोहे और 133 अध्याय हैं. इसके तीन प्रमुख भाग अरम यानी सदाचार, पोरुल यानी धन, शासन और सामाजिक व्यवस्था तथा इन्बम यानी प्रेम और मानवीय संवेदनाएं हैं. तिरुक्कुरल का 423वां दोहा कहता है कि कोई बात किसी के भी मुख से निकले, बुद्धिमान व्यक्ति का काम उसके भीतर छिपे सत्य को पहचानना है.
आज जब सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं, डीपफेक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार सामग्री तेजी से फैल रही है, तब यह विचार विशेष प्रासंगिक हो जाता है. विद्यार्थियों को किसी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता परखने की प्रेरणा इस दोहे से मिल सकती है. इसी तरह 129वें दोहे में तिरुवल्लुवर कटु वाणी से मिलने वाली पीड़ा की तुलना आग से लगे घाव से करते हैं. सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और साइबर बुलिंग के बीच यह विचार संवाद की मर्यादा और डिजिटल व्यवहार पर चर्चा का आधार बन सकता है.
तिरुक्कुरल का ‘पोरुल’ भाग न्यायपूर्ण शासन, नेतृत्व, अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक विवेक की चर्चा करता है. इसका अध्ययन राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन और प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी हो सकता है. वहीं ‘इन्बम’ में प्रेम, विरह और मानवीय संवेदनाओं का बेहद सूक्ष्म चित्रण मिलता है. इस साहित्य की खासियत यह है कि इसके विचार अलग-अलग समय और समाज के लोगों से संवाद करते हैं. यही वजह है कि इसे आधुनिक शिक्षा और समकालीन जीवन से जोड़ने की संभावनाएं काफी व्यापक हैं.
एक हजार संस्थानों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल
पांचवें संस्करण की सबसे महत्वपूर्ण पहल देश के 1,000 उच्च शिक्षा संस्थानों को तिरुक्कुरल के अध्ययन से जोड़ना है. शिक्षा मंत्रालय, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, आईआईटी मद्रास और बीएचयू के सहयोग से इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है. प्रत्येक भाग लेने वाले संस्थान में इच्छुक विद्यार्थियों का मूल्यांकन होगा और मेरिट के आधार पर एक विद्यार्थी का चयन किया जाएगा. उन्हें 22 अनुसूचित भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में ऑनलाइन शैक्षणिक परिचय तथा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.
इसके बाद एक महीने की शैक्षणिक गतिविधि के दौरान चयनित विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पर चार से दस पृष्ठों का लेख या शोध टिप्पणी तैयार करनी होगी. उन्हें अपने संस्थान में इस विषय पर एक घंटे की प्रस्तुति भी देनी होगी. निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले पात्र विद्यार्थियों को 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी. इसके अतिरिक्त तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से विद्यार्थियों का परिचय कराएंगे. बहुभाषी ऐप, ऑडियोबुक, अध्ययन सामग्री और एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से भी इस साहित्य को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है.
आयोजन के बाद भी जारी रहे संवाद
इस पहल के सामने कुछ महत्वपूर्ण सवाल भी हैं. पिछले वर्ष तमिल सीखने वाले विद्यार्थियों में कितने छात्र आज भी भाषा का अध्ययन कर रहे हैं? तमिलनाडु की अध्ययन यात्राओं से लौटे विद्यार्थियों ने अपने संस्थानों में किस तरह के शैक्षणिक अनुभव साझा किए? अलग-अलग भाषाओं में प्रकाशित साहित्यिक अनुवादों का इस्तेमाल कितने पाठक और विद्यार्थी कर रहे हैं? इन सवालों के जवाब आयोजन की वास्तविक सफलता को समझने में मदद करेंगे. इसके लिए विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त शोध, स्थायी भाषा केंद्र, विद्यार्थी विनिमय कार्यक्रम और नियमित साहित्यिक संवाद जरूरी होंगे. तमिलनाडु के विद्यार्थियों को भी हिंदी और उत्तर भारत की दूसरी भाषाओं तथा साहित्य को जानने के समान अवसर मिलने चाहिए.
काशी तमिल संगमम की पांचवीं कड़ी एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रयोग के साथ शुरू हो रही है. अब इसकी सफलता इस बात से भी तय होगी कि तिरुक्कुरल के विचार कितने विद्यार्थियों की पढ़ाई और चिंतन का हिस्सा बनते हैं. जिस काशी ने कभी तमिलनाडु से आए सुब्रमण्यम भारती को अपनी बौद्धिक जमीन दी थी, उसी काशी से आज तिरुवल्लुवर के विचार देश के विश्वविद्यालयों तक पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. कल्पना कीजिए, जब चेन्नई का कोई विद्यार्थी कबीर को पढ़ेगा और बनारस का कोई छात्र तिरुवल्लुवर के दोहों पर विचार करेगा, तब भारतीय साहित्य की दो समृद्ध परंपराओं के बीच संवाद का एक नया रास्ता खुलेगा. किसी देश की सांस्कृतिक समृद्धि उसकी भाषाओं और साहित्य की विविधता में भी दिखाई देती है. इस विविधता को अगली पीढ़ी की साझा विरासत बनाना ही काशी से कावेरी तक फैले इस संगम की सबसे बड़ी उपलब्धि हो सकती है.