)
Rajasthan SI Paper Leak: राजस्थान में उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई की है. SOG ने पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका गैंग से जुड़े श्रीराम विश्नोई उर्फ अतुल विश्नोई को गिरफ्तार किया है. आरोपी करीब दो साल से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था. जांच में सामने आया कि आरोपी ने दो अभ्यर्थियों को 35 लाख रुपए में लीक हुआ हल प्रश्न-पत्र उपलब्ध करवाया था. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने खुद भी इसी पेपर से पढ़ाई कर परीक्षा दी थी, लेकिन वह थानेदार नहीं बन सका.
15 और 20 लाख रुपए में तय हुआ था सौदा
SOG के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि श्रीराम विश्नोई ने लीक हुए हल प्रश्न-पत्र के जरिए दो अभ्यर्थियों को SI भर्ती परीक्षा पास करवाने का सौदा किया था. इनमें दिनेश विश्नोई से 15 लाख रुपए और सुभाष विश्नोई से 20 लाख रुपए में बात तय हुई थी. दोनों अभ्यर्थियों को जगदीश विश्नोई के हैंडलर के माध्यम से परीक्षा से पहले लीक हुआ हल प्रश्न-पत्र उपलब्ध करवाया गया. इसके बाद दोनों अभ्यर्थियों का उपनिरीक्षक पद पर अंतिम चयन हो गया था.
खुद भी लीक पेपर से दी थी परीक्षा
जांच में यह भी सामने आया कि श्रीराम विश्नोई उर्फ अतुल ने खुद भी लीक हुआ हल प्रश्न-पत्र पढ़कर 14 सितंबर 2021 को परीक्षा दी थी. उसने हिंदी विषय में 200 में से 160.98 अंक हासिल किए थे. वहीं सामान्य ज्ञान में उसे 200 में से 160.65 अंक मिले थे. लिखित परीक्षा में इतने अच्छे अंक हासिल करने के बावजूद वह शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल नहीं हो सका. इसी वजह से उसका अंतिम चयन नहीं हुआ और वह उपनिरीक्षक नहीं बन पाया.
कोर्ट ने जारी किया था स्थायी गिरफ्तारी वारंट
SOG के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और फरार चल रहा था. न्यायालय ने 22 अप्रैल 2025 को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. इसके बाद SOG ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. SOG की टीम ने 25 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. 26 नवंबर को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 30 नवंबर 2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लिया गया है.
अब तक 158 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में मुख्य आरोपी जगदीश विश्नोई के खिलाफ पहले ही न्यायालय में आरोप-पत्र पेश किया जा चुका है. वहीं दिनेश विश्नोई और सुभाष विश्नोई के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया गया है. ओमप्रकाश ढाका के खिलाफ भी पूरक आरोप-पत्र पेश हो चुका है. SOG के अनुसार, SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में अब तक कुल 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले में आगे की जांच जारी है.