आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने स्कूली बस में मारी टक्कर, ताजमहल घूमने जा रहे 4 छात्रों की दर्दनाक मौत
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्कूली बस में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में चार छात्रों की मौत और कई घायल हुए.
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां खड़ी स्कूली बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई. एसपी और डीएम भी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों के इलाज में कोई कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
कहां हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, स्कूली बस में फतेहपुर से करीब 50 से 60 छात्र-छात्राएं और शिक्षक सवार थे. सभी आगरा में ताजमहल देखने जा रहे थे. इसी दौरान ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर के पास बस खड़ी थी. तभी पीछे से आए ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी की पिछले हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चार बच्चों की जान चली गई और 17 बच्चे घायल हो गए.
घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना.एसपी विनोद कुमार ने घटना को लेकर जानकारी दी है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
कन्नौज स्थित आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे में हुए सड़क हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
रामपुर में तेज रफ्तार का कहर; फ्लाईओवर से नीचे गिरी तेज रफ्तार बोलेरो, चार दोस्तों की दर्दनाक मौत