Exclusive Interview: लोधी समाज को BJP से तोड़कर PDA में लाएंगी ज्योति लोधी? ललितपुर में सपा की नई रणनीति
सपा प्रत्याशी ज्योति सिंह लोधी ने ज़ी न्यूज से बातचीत में लोधी समाज को PDA से जोड़ने का भरोसा जताया. उन्होंने ललितपुर में किसानों की बदहाली, बिजली-सिंचाई संकट और महिलाओं के रोजगार को बड़ा चुनावी मुद्दा बताया.
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. इनमें चार चेहरे पश्चिमी यूपी से हैं. वहीं, एक नाम बुंदेलखंड से है. यह नाम है ज्योति सिंह लोधी का. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ज्योति सिंह लोधी को ललितपुर सदर सीट से उम्मीदवार बनाया है. इस फैसले के साथ ही बुंदेलखंड की राजनीति में एक सवाल खड़ा हो गया है कि क्या अखिलेश यादव लोधी समाज के सहारे इस इलाके में बीजेपी को चुनौती देने जा रहे हैं? ज्योति सिंह लोधी ने जी मीडिया से खुलकर बातचीत की...
ललितपुर से पहले भी लड़ चुकी हैं चुनाव
सपा प्रत्याशी ज्योति सिंह लोधी के लिए यह सीट नई नहीं है. वह साल 2017 में भी समाजवादी पार्टी के टिकट पर ललितपुर से चुनाव लड़ चुकी हैं. उस चुनाव में उन्हें 88,687 वोट मिले थे, लेकिन भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने 68,255 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. साल 2022 में सपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया और रमेश प्रसाद को मैदान में उतारा. वह तीसरे स्थान पर रहे. अब पार्टी ने एक बार फिर से ज्योति सिंह लोधी पर भरोसा जताया है.
टिकट मिलने के बाद चुनावी रणनीति पर की खुलकर बात
जी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में ज्योति सिंह लोधी ने टिकट मिलने के बाद अपनी रणनीति, लोधी समाज के सियासी रुख, किसानों की समस्याओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बात की. उन्होंने दावा किया कि इस बार उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलेगा.
'अखिलेश यादव ने भरोसा जताया है, जिम्मेदारी पर खरी उतरूंगी'
सवाल: सपा की पहली लिस्ट में जहां चार उम्मीदवार पश्चिमी यूपी से हैं, वहीं बुंदेलखंड से आप इकलौता चेहरा हैं. पार्टी के इस भरोसे और जिम्मेदारी को किस रूप में देखती हैं?
ज्योति सिंह लोधी: पार्टी नेतृत्व और अखिलेश यादव ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी. पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभाने के लिए क्षेत्र में लगातार लोगों के बीच जा रही हूं. जनता की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज उठाना मेरी प्राथमिकता रहेगी.
लोधी समाज को PDA से जोड़ने की चुनौती
सवाल: बुंदेलखंड में लोधी समाज को भाजपा का पारंपरिक वोट बैंक माना जाता है. ऐसे में आप अपने समाज और दूसरे पिछड़े वर्गों को सपा के PDA खेमे से जोड़ने के लिए क्या रणनीति अपनाएंगी?
ज्योति सिंह लोधी: लोधी समाज बहुत ईमानदार और मेहनती समाज है. यह समाज जिस किसी के साथ जुड़ता है, उसका लगातार साथ देता है. पिछले कुछ वर्षों में मैंने समाज के लोगों के बीच काम किया है और उनसे लगातार संपर्क रखा है. मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार समाज का आशीर्वाद मुझे मिलेगा.
ज्योति सिंह लोधी के सामने होंगी ये चुनौती
लोधी समाज को लेकर ज्योति लोधी का यह भरोसा सपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम है. बुंदेलखंड में भाजपा की मजबूत मौजूदगी के बीच सपा के लिए पिछड़े वर्गों के वोटों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना बड़ी चुनौती है. ज्योति लोधी खुद इसी समाज से आती हैं. ऐसे में पार्टी को उम्मीद होगी कि उनका सामाजिक और स्थानीय जुड़ाव चुनावी समीकरण बदलने में मदद कर सकता है. हालांकि, सिर्फ समाज से आने भर से वोटों का समर्थन मिलना तय नहीं है. उन्हें अपने काम और स्थानीय मुद्दों के आधार पर भी मतदाताओं का भरोसा जीतना होगा.
बांध हैं, फिर भी पानी और सिंचाई का संकट
सवाल: ललितपुर में कई बांध हैं, इसके बावजूद पेयजल और सिंचाई की समस्या बनी रहती है. किसानों की बदहाली और रोजगार के लिए पलायन भी बड़ा मुद्दा है. इन सवालों पर सत्ता पक्ष को कैसे घेरेंगी?
ज्योति सिंह लोधी: यहां बांध होने के बावजूद सिंचाई की समस्या बनी हुई है. यहां बिजली बनती है, लेकिन हमारे स्थानीय इलाके में बिजली की कमी रहती है. किसानों की हालत बहुत खराब है. हर चीज महंगी हो रही है, लेकिन किसानों की उपज के दाम नहीं बढ़ रहे. खाद के लिए किसानों को लाइन लगानी पड़ती है. नहरें खुलवाने के लिए उन्हें धरना-प्रदर्शन करना पड़ता है. यहां तक कि किसानों का माल भी नहीं पहुंच पाता. किसान बहुत परेशान हैं. ज्योति लोधी ने ललितपुर में बांधों की मौजूदगी और किसानों को मिल रही सुविधाओं के बीच अंतर को बड़ा मुद्दा बनाया है. उनका सवाल है कि जब इलाके में इतने बांध हैं और बिजली का उत्पादन भी होता है, तो स्थानीय किसानों को सिंचाई और बिजली की परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है?
बड़े जलाशयों के बावजूद पानी की समस्या
ललितपुर की यह समस्या सिर्फ चुनावी आरोप तक सीमित नहीं है. केंद्रीय भूजल बोर्ड की रिपोर्ट में भी जिले में बार-बार सूखे, अनियमित बारिश और सीमित भूजल संसाधनों का जिक्र है. रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े जलाशयों के बावजूद सूखे के समय पानी की जरूरत पूरी करना चुनौती बन जाता है. खेती और पशुपालन के साथ मौसमी पलायन भी ग्रामीण परिवारों की आजीविका का हिस्सा रहा है.
महिलाओं के रोजगार और शराब की दुकानों पर उठाए सवाल
सवाल: सपा की पहली लिस्ट में आप इकलौती महिला उम्मीदवार हैं. बुंदेलखंड की ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
ज्योति सिंह लोधी: समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है. अखिलेश यादव की सरकार में महिलाओं के लिए हेल्पलाइन 1090 और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं दी गई थीं. महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया गया. उसी के तहत मुझे भी टिकट दिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के सामने रोजगार की समस्या है. रोजगार नहीं मिलने से कई महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है. ज्योति लोधी ने शराब की दुकानों को भी महिलाओं और परिवारों की परेशानी से जोड़ते हुए कहा कि कई घरों में कमाने वाले लोग शराब पीकर पैसे बर्बाद कर देते हैं. इससे महिलाओं की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं.
ललितपुर में महिलाओं की स्थिति?
ललितपुर में महिलाओं की स्थिति भी एक बड़ी चुनौती है. 2011 की जनगणना के मुताबिक, जिले की महिला साक्षरता दर 50.84 फीसदी थी. जिले की करीब 85.64 फीसदी आबादी ग्रामीण इलाकों में रहती थी. ऐसे में ग्रामीण महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य चुनावी बहस के अहम मुद्दे हैं.
'2017 में अनुभव की कमी थी, इस बार पूरा विश्वास'
सवाल: 2017 में आप चुनाव लड़ी थीं, लेकिन करीब 68 हजार वोटों से पीछे रह गईं. उस चुनाव में क्या कमी रह गई थी और इस बार क्या अलग करने जा रही हैं?
ज्योति सिंह लोधी: वह मेरा पहला चुनाव था. उस समय मुझे चुनाव लड़ने का ज्यादा अनुभव नहीं था. क्षेत्र में सभी लोगों से मिलना भी नहीं हो पाया था. उस समय एक अलग तरह का माहौल था. जब कोई सरकार बनती है तो उसके खिलाफ भी माहौल बनता है. इन सब वजहों से मुझे हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस बार लोग अखिलेश यादव के काम को याद कर रहे हैं. उनके मुताबिक, अखिलेश यादव की सरकार में जो काम हुए थे, उन्हें लोग अब भी याद करते हैं. ज्योति लोधी ने दावा किया कि वह क्षेत्र में लोगों से लगातार मिल रही हैं और इस बार जनता उन्हें आशीर्वाद देगी.
दो बार से रहा है बीजेपी का दबदबा
ललितपुर विधानसभा सीट पर भाजपा का दबदबा पिछले दो चुनावों से कायम है. 2022 में भाजपा के रामरतन कुशवाहा को 1,76,550 वोट मिले थे. बसपा के गुड्डू राजा 69,335 वोट के साथ दूसरे और सपा के रमेश प्रसाद 68,597 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे. भाजपा ने 1,07,215 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ललितपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को कांग्रेस पर 50,641 वोटों की बढ़त मिली थी.
लोधी समाज के साथ दूसरे वर्गों को जोड़ना चुनौती?
ऐसे चुनावी माहौल में ज्योति लोधी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सपा को तीसरे स्थान से आगे लाने की होगी. उन्हें लोधी समाज के साथ दूसरे पिछड़े वर्गों को जोड़ना होगा. किसानों की नाराजगी, सिंचाई और बिजली की समस्या, महिलाओं के रोजगार और शराब की दुकानों से जुड़ी शिकायतों को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश भी करनी होगी.
ज्योति सिंह लोधी का सियासी अनुभव
ज्योति लोधी के पास 2017 का चुनाव लड़ने का अनुभव है. वह दो बार जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं. सपा में जिला अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. पार्टी से उनका जुड़ाव 2003 से बताया जाता है. अब देखना होगा कि संगठन और स्थानीय राजनीति का उनका अनुभव भाजपा के मजबूत चुनावी आधार को कितनी चुनौती दे पाता है.
यह भी पढ़ें ; पीलीभीत में किसका कितना दम? चार सीटों पर BJP का दबदबा या सपा की वापसी की तैयारी