तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही... झांसी स्टेशन पर महिला TTE की बदसलूकी, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड
झांसी स्टेशन पर टिकट दिखाने में देरी पर महिला TTE ने यात्री को अपमानित किया. वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने उन्हें सस्पेंड कर दिया.
उत्तर प्रदेश के झांसी रेलवे स्टेशन पर एक महिला TTE का यात्री के साथ बदसलूकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. टिकट दिखाने में थोड़ी देरी होने पर महिला TTE इस कदर भड़क गईं कि यात्री को स्टाफ के सामने ही अपमानित करने लगीं. उन्होंने यात्री से कहा कि तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि अभी बिजी न होतीं तो दिखा देतीं कि वह क्या चीज हैं. यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया. मामला सामने आने के बाद रेलवे ने महिला TTE को सस्पेंड कर दिया है. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
टिकट दिखाने में हुई थी देरी
जानकारी के मुताबिक घटना झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन की है. यहां महिला TTE यात्रियों के टिकट चेक कर रही थीं. इसी दौरान उन्होंने एक यात्री से टिकट दिखाने को कहा. यात्री का टिकट उसके बैग में रखा था. वह तुरंत टिकट नहीं निकाल सका. इस बात पर महिला TTE नाराज हो गईं और यात्री को अपने ऑफिस में ले गईं. यात्री ने उन्हें बताया कि टिकट उसके पास है लेकिन बैग में नहीं मिल रहा है. उसने यह भी कहा कि सीट और कोच नंबर के आधार पर रेलवे के सिस्टम में टिकट की जानकारी देखी जा सकती है.
टिकट मिलने के बाद भी नहीं बदला व्यवहार
कुछ देर बाद यात्री को बैग से टिकट मिल गया. इसके बावजूद महिला TTE का गुस्सा शांत नहीं हुआ. आरोप है कि उन्होंने यात्री को भला-बुरा कहना जारी रखा. यात्री को स्टेशन से बाहर जाने के लिए कहा गया. जबकि उसे झांसी से लखनऊ जाना था. यात्री ने बताया कि उसने लखनऊ जाने के लिए मोबाइल से ऑनलाइन टिकट भी बुक किया हुआ है. इसके बाद भी महिला TTE उसे स्टेशन से निकल जाने के लिए कहती रहीं.
'दोबारा दिख गए तो खैर नहीं'
वीडियो में महिला TTE यात्री को धमकाते हुए भी सुनाई दे रही हैं. वह कहती हैं कि यहां से सीधे निकल जाओ. दोबारा स्टेशन पर दिख गए तो तुम्हारी खैर नहीं. इस पर यात्री उन्हें बताता है कि उसे लखनऊ जाना है और उसके पास ऑनलाइन टिकट भी है. आरोप है कि महिला TTE ने इसके जवाब में यात्री को अंगूठाछाप कह दिया. उन्होंने कहा कि तुम्हें कुछ नहीं पता है. तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है. अभी बिजी न होतीं तो दिखा देतीं कि वह क्या चीज हैं.
वीडियो वायरल होने पर रेलवे ने की कार्रवाई
यात्री ने महिला TTE के इस व्यवहार का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में उसने इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों तक भी मामला पहुंचा. इसके बाद रेलवे ने महिला TTE को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
रेलवे ने शुरू की विभागीय जांच
झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने मामले में रेलवे की कार्रवाई की जानकारी दी है. रेलवे की ओर से महिला TTE के व्यवहार को लेकर विभागीय जांच की जा रही है. जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जाएगा. फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. टिकट दिखाने में हुई देरी से शुरू हुआ विवाद अब रेलवे कर्मचारी के व्यवहार और यात्रियों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर सवाल खड़े कर रहा है.
(रिपोर्ट-अब्दुल सत्तार)