SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

UGC विवाद पर BJP विधायक का बड़ा बयान, MLC चुनाव में हार के लिए किसको ठहराया जिम्मेदार?

जौनपुर के बदलापुर से बीजेपी विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यूजीसी से किसी समाज को नुकसान नहीं होने वाला है.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 03, 2026, 10:14 PM IST | Updated: Nov 03, 2026, 10:19 PM IST
Image Credit: जी संवाददाता
Join

जौनपुर की बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने यूजीसी के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यूजीसी को लेकर लोगों को भ्रमित करने और समाज के बीच गलतफहमी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है. यूजीसी कोई ऐसा बड़ा मुद्दा नहीं है, जिससे किसी समाज को नुकसान होने वाला हो. भारतीय जनता पार्टी की नीति सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की है. पार्टी किसी भी समाज के हितों के साथ समझौता नहीं करेगी.

यूजीसी से किसी भी समाज के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा  

बीजेपी विधायक ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और पार्टी के पदाधिकारियों पर पूरा भरोसा है. उन्होंने आश्वस्त किया कि यूजीसी के विषय में किसी भी समाज के साथ अन्याय या नुकसान नहीं होने दिया जाएगा. भाजपा ने हमेशा अगड़े, पिछड़े और दलित समेत सभी वर्गों के हित में काम किया है और आगे भी करती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं.

एमएलसी चुनाव में हार के लिए वोटर लिस्ट को ठहराया जिम्मेदार  

विधान परिषद चुनाव में मिली हार पर विधायक रमेश मिश्रा ने स्वीकार किया कि मतदाता सूची तैयार कराने में भाजपा की ओर से कुछ कमियां रह गई थीं. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से काम किया, जबकि भाजपा समर्थक कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो सके.

बीएलओ स्तर पर लापरवाही की आशंका जताई  

उन्होंने कहा कि अंतिम समय में मतदाता सूची की जांच करने पर यह कमी सामने आई. कई लोगों ने नाम बढ़वाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनके नाम सूची में दर्ज नहीं हुए. विधायक ने इस मामले में बीएलओ स्तर पर लापरवाही की आशंका जताते हुए कहा कि यदि भाजपा समर्थक सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होते तो चुनाव का परिणाम अलग हो सकता था.

एसआईआर को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी किया पलटवार  

विधायक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वोट कटने और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर जनता के बीच बेवजह डर का माहौल बनाया जा रहा है. भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाएंगे.

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में कार्यकर्ता सक्रिय  

उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान करीब सात हजार मतदाताओं के नाम सूची में अंतिम समय पर हटे हुए दिखाई दिए थे. उन्होंने इसे गंभीर चूक बताते हुए कहा कि पार्टी ने पिछली गलतियों से सबक लिया है. अब कार्यकर्ता एक-एक मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित कराने के लिए सक्रिय रहेंगे.

2027 में भाजपा की जीत का जताया भरोसा  

विधायक रमेश मिश्रा ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों का समर्थन भाजपा को मिलेगा और पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है. गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस, मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मिली हैं.

विपक्ष पर निशाना साधा  

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कई परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बावजूद राजनीतिक रूप से अलग विचार रखते हैं, लेकिन इस बार जनता विकास और सरकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी. विधायक ने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से 2027 में एक बार फिर प्रदेश में कमल खिलेगा.

 

(जौनपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें : बाराबंकी में MLA के रवैये ने खींचा सबका ध्यान: अखिलेश भी खड़े होकर करते हैं सम्मान, सपा विधायक ने छोड़ी कुर्सी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES