)
जयपाल/वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. दरअसल वाराणसी से मुंबई जा रहे विमान के पायलट ने टेक ऑफ से मना कर दिया. पायलट ने तबीयत खराब होने पर विमान उड़ाने से इनकार किया तो यात्री नाराज हो गए. हालांकि, बाद में दूसरा पायलट बुलाकर विमान को रवाना किया गया.
वाराणसी एयरपोर्ट पर पायलट ने विमान उड़ाने से मना किया
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10:45 पर वाराणसी से मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E 6544 को उड़ान भरना था. इस दौरान यात्री सिक्योरिटी चेकिंग पूरी कर सिक्योरिटी होल्ड एरिया में इंतजार कर रहे थे. तभी पायलट ने विमान उड़ाने से इनकार कर दिया. सही समय पर सटीक जानकारी न मिल की वजह से नाराज यात्रियों ने टर्मिनल भवन में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. इस पर आनन फानन में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने वैकल्पिक व्यवस्था का प्रबंध करते हुए दूसरे पायलट की मदद से विमान को रवाना किया.
यात्रियों ने लगाया ये आरोप
यात्रियों का आरोप था कि, यदि कोई भी यात्री बोर्डिंग करने में थोड़ा भी लेट हो जाता है तो एयरपोर्ट अथॉरिटी उसे अंदर नहीं आने देता है. हम सभी यात्री सुबह 8:00 बजे से बैठे हुए हैं. 10:45 बजे की फ्लाइट जानी थी, लेकिन फ्लाइट 1:45 का मैसेज आया है. यात्री घंटों से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं. न तो उन्हें रिफ्रेशमेंट मिला और न ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से उचित जानकारी दी गई. यात्रियों ने कहा कि ये प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है. दुनिया देख रही है कि वाराणसी एयरपोर्ट पर अथॉरिटी यात्रियों के साथ कैसा व्यवहार कर रही है. एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें देखा जा सकता है कि यात्री कह रहे हैं कि इसे भी जंतर-मंतर बनाना पड़ेगा.
सही जानकारी न देने पर यात्रियों का हंगामा
यात्रियों का आरोप था कि इंडिगो एयरलाइन मैनेजमेंट न समय पर जानकारी दिया और न सही व्यवस्था कर रहा था. एयरपोर्ट अथॉरिटी पर अनदेखी का आरोप लगाया. सूत्रों के अनुसार, पायलट की निर्धारित ड्यूटी का समय पूरा हो चुका था. इसलिए विमान को उड़ाने से अचानक मना कर दिया. यात्रियों का हंगामा बढ़ता देख बाद में इंडिगो प्रबंधन ने दूसरे पायलट और क्रू मेंबर की व्यवस्था कर विमान को मुंबई के लिए रवाना कर दिया. वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना था कि ये प्री प्लान डिले नहीं था. पायलट की तबीयत खराब हो गई थी. अहमदाबाद से दूसरा पायलट बुलाकर विमान को मुंबई के लिए रवाना किया गया.