'बिना सूचना बारिश कर परेशानी में डाल रहे इंद्र देव, करो कार्रवाई', परेशान किसान की DM को शिकायत, सोशल मीडिया पर वायरल
Hardoi Rain Inder Dev News: यूपी के हरदोई जिले में डीएम को मिली एक शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. एक किसान ने चिट्ठी भेजकर कंप्लेंट की है कि इंद्र देव बिना सूचना बारिश करके लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं. लिहाजा उन पर कार्रवाई की जाए.
Hardoi Rain Inder Dev Complaint News: आपने अधिकारियों, विभागों और सरकारी व्यवस्थाओं के खिलाफ शिकायतें तो खूब सुनी होंगी, लेकिन हरदोई में बारिश से परेशान एक शख्स ने कंप्लेंट की ऐसी राह पकड़ ली कि मामला चर्चा का विषय बन गया. वहां पर एक युवक ने सीधे भगवान इंद्रदेव के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत कर डाली. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंद्रदेव बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश कराकर आम जनता को परेशानी में डाल रहे हैं. अब यह अनोखी शिकायत सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रही है.
'बिना सूचना के लगातार बारिश कर रहे इंद्रदेव'
यह मामला मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव का है. गांव में रहने वाले सूरज तिवारी ने जनसुनवाई पोर्टल के जरिए प्रशासन को अपनी शिकायत भेजी है. शिकायतकर्ता ने लिखा कि हरदोई जिले में पिछले कई घंटों से कभी तेज तो कभी धीमी लगातार बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों और गलियों से लेकर निचले इलाकों तक पानी भर गया है. लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है, जबकि रोजमर्रा के कामकाज पर भी बारिश का असर पड़ा है. किसानों के सामने फसलों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
'बारिश रोकने के लिए इंद्र को निर्देश जारी करें जिलाधिकारी'
शिकायत का सबसे दिलचस्प हिस्सा वह है, जहां शिकायतकर्ता ने इंद्रदेव का मोबाइल नंबर ही न होने की बात लिखी है. सूरज तिवारी ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि वह अपने 'दिव्य संपर्क माध्यम' से इंद्रदेव तक उनकी शिकायत पहुंचाएं. साथ ही, बारिश को तत्काल नियंत्रित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें, जिससे जिले के लोगों को राहत मिल सके.
अब कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन में असमंजस
अब यह शिकायत वास्तव में बारिश की परेशानी से उपजा मजेदार व्यंग्य है या जनसुनवाई व्यवस्था पर तंज, यह तो शिकायतकर्ता ही बेहतर बता सकता है. लेकिन इतना जरूर है कि इंद्रदेव के खिलाफ पहुंची यह 'दिव्य शिकायत' हरदोई में चर्चा का विषय जरूर बन गई है. अब प्रशासन में हर कोई इस शिकायत की चर्चा कर रहा है. लोग कह रहे हैं कि जिला प्रशासन अब इंद्र देव को कैसे निर्देश जारी करेगा या उनकी मनुहार करेगा, यह देखने लायक बात होगी.