SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कानपुर में खूनी दिवाली: एक ग्लास पानी के लिए पति ने पत्नी को मार डाला, मां की मौत से मासूम अनजान

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के संजीव नगर कच्ची बस्ती में दीपावली के दिन पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद इलाके के अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 09, 2026, 12:36 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 12:40 PM IST
Join

त्योहारों की खुशियों के बीच कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ग्लास पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हत्या में बदल गया. चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां के संजीव नगर कच्ची बस्ती में दीपावली के दिन पति ने तैश में आकर अपनी पत्नी के सिर पर भारी लकड़ी का पटरा मार दिया, जिससे 23 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

क्या है ये पूरा मामला?
मृतका की पहचान रीता पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोथर की रहने वाली थी. उसने 2022 में अहिरवां निवासी 28 वर्षीय करन पासवान से प्रेम विवाह किया था. करन पेंटिंग का काम करता है. परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे करन ने खाना खाया. उसके बाद पत्नी रीता से पीने के लिए पानी मांगा. इस दौरान दोनों का आपस में विवाद हो गया, तभी पति ने गाली-गलौज शुरू कर दी.

घटना से इलाके में हड़कंप
जब रीता ने इसका विरोध किया, तो गुस्से से आगबबूला होकर करन ने पास पड़ा भारी लकड़ी का पटरा उठाकर रीता के सिर पर दे मारा. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल रीता को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

यह भी पढ़िए: उन्नाव में पंचायत के दौरान खूनखराबा, एक की पीट-पीटकर हत्या, विधायक बोले- 'ऐसी कार्रवाई होगी कि रूह कांप जाएगी'

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस खूनी वारदात ने परिवार को पलभर में उजाड़ दिया. मृतका रीता अपने पीछे तीन साल के बेटे कार्तिक और एक महीने की बेटी काव्या को छोड़ गई है. उन्हें यह भी नहीं पता कि उनकी मां अब कभी लौटकर नहीं आएगी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस हिरासत में आरोपी पति
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र का कहना है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति करन पासवान को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. इस मामले पर एसीपी आशुतोष कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही परिजनों की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है. 

परिजनों से आवेदन मिलते ही एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस दर्दनाक घटना से पूरी बस्ती में मातम का माहौल है.

(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: दो सहेलियां, एक दुपट्टा, एक पेड़ और रहस्यमयी मौत! शाहजहांपुर में पेड़ से लटके मिले दो किशोरियों के शव, मचा हड़कंप

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES